PATNA (MR) : भाजपा की युवा विधायक। गोल्डन गर्ल। इंटरनेशनल शूटर। श्रेयसी सिंह। जमुई की भाजपा विधायक श्रेयसी इन दिनों बिहार विधानसभा के बजट सत्र में लगातार शामिल हो रही हैं। वे बिहार की जनता के हित से जुड़े मुद्दे को जहां उठा रही हैं, वहीं जमुई के स्थानीय मुद्दों पर भी फोकस कर रही हैं। सत्र में मौका मिलने पर विरोधियों पर भी बरस रही हैं।

विधायक श्रेयसी सिंह ने 10 मार्च को बजट सत्र में पान/ तांती समाज का मुद्दा उठाया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि बिहार में पान/तांती समाज अभी भी काफी पिछड़ा हुआ है। उसके पिछड़ेपन को दूर करने के लिए सरकार को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार पान/तांती समाज को अनुसूचित जाति वर्ग में जोड़े, ताकि उस समाज को पिछड़ापन से बाहर निकलने में मदद मिले। इतना ही नहीं, श्रेयसी सिंह ने 7 मार्च को बजट सत्र की बैठक में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। विधायक ने सदन में भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने की बात दोहरयी।
उन्होंने सदन में विपक्ष के उन सदस्यों की आलोचना की, जो ब्रिटिश शासन की तारीफ कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग ब्रिटिश राज को भारत के लिए बेहतर बताने की कोशिश कर रहे हैं। पक्ष और विपक्ष की लड़ाई चलती रहेगी, लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि हमारा सपना बिहार को विकसित राज्य और भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर यानी विधानसभा में सभी सदस्यों को यह याद रखना चाहिए कि वे जनता के प्रतिनिधि हैं और उन्हें राज्य व देश के विकास के लिए काम करना चाहिए, न कि बेकार की राजनीति में उलझना चाहिए।
बिहार विधानसभा की खबरों को पढ़ने के लिए हमारी वेबसाइट को विजिट करें…

विधायक श्रेयसी सिंह ने बजट सत्र के दौरान खेल का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बिहार खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। एनडीए सरकार खिलाड़ियों को तमाम सुविधाएं दे रही है। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में उत्तराखंड में 38वां नेशनल गेम्स हुआ था। मैं खुद भी शॉट गन में बिहार का प्रतिनिधित्व करती हूं और मैं भी वहां मौजूद थी। पहली बार बिहार के खिलाड़ी 1 स्वर्ण पदक, 7 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर 29वें स्थान पर रहे। यह बिहार के लिए ऐतिहासिक जीत रही। इसमें सिर्फ खिलाड़ियों के साथ ही सरकार का भी योगदान रहा। सरकार ने राज्य में स्पोर्ट्स को काफी बढ़ावा दिया है।

श्रेयसी सिंह ने कहा कि राजगीर में स्थित खेल यूनिवर्सिटी, खेल एकेडमी पूरे भारत में उदाहरण के रूप में हम सबके सामने है। हाल ही में हमने वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन किया। एनडीए सरकार खेल को काफी बढ़ावा दे रही है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। बिहार खेल के क्षेत्र में काफी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने साथ ही पथ निर्माण विभाग के बजट पर चर्चा के दौरान रोड कनेक्टिविटी को राज्य के विकास की रीढ़ बताया और कहा कि पटना से पूर्णिया और भागलपुर से बक्सर तक एक्सप्रेस-वे निर्माण पर 26000 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा बक्सर में गंगा नदी पर एक नया पुल भी बनाया जा रहा है। 12 रेलवे ब्रिज और 50 सड़क परियोजना भी पाइपलाइन में हैं।
इसे पढ़ने के लिए क्लिक करें : होली मिलन समारोह में विधायक श्रेयसी सिंह का दिखा अलग अंदाज…
