
JAMUI (MR) : भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह आज रविवार को एक अलग अंदाज में दिख रही थीं। ढोलक में पड़ रहे उनके थाप पर सब मुग्ध थे। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा माहौल होलियाना हो गया था। आज ट्रिगर दबाने वाले हाथ ढोलक पर पड़ रहे थे। उनके थाप पर लोग झूम रहे थे। मौका भाजपा द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह का था। यहां अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज व भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह होली गीत के साथ ढोलक से सुर मिलाते दिखीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के विशेष अनुरोध पर ढोलक थाम ली और थाप से सुर और ताल मिलाने लगी। बता दें कि जमुई की भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज हैं और उन्होंने निशानेबाजी में देश के लिए गोल्ड सहित अन्य पदक जीता है। वे गोल्डेन गर्ल के रूप में लोकप्रिय हैं।

श्रेयसी सिंह ने कहा कि रंगों का यह त्यौहार प्रेम और भाईचारा का प्रतीक है। इसको इसी रूप में मनाने की जमुई वासियों से अपील की। महावीर वाटिका में आयोजित इस मिलन समारोह में विधायक सहित उनकी माता पूर्व सांसद पुतुल सिंह, पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद, बहन मानसी सिंह, राजनीतिक एवं तकनीकी सलाहकार बेचन सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, लोजपा रामविलास के जिला अध्यक्ष जीवन सिंह, पूर्व अध्यक्ष राजकिशोर सिंह, नवल किशोर सिंह, प्रकाश भगत, उपाध्यक्ष बृजनंदन सिंह, दुर्गा प्रसाद केसरी, मिल्टन सिंह सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं एवं मीडिया कर्मियों को विधायक द्वारा सम्मानित भी किया गया। साथ ही सह भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधायक ने कार्यकर्ताओं को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। आधुनिकता के दौर में होली के पारंपरिक गीतों की मधुर आवाज और ढोलक की थाप जो विलुप्त होती जा रही थी, उसकी गूंज होली मिलन समारोह में सुनाई दी। इतना ही नहीं बीजेपी विधायक श्रेयसी सिंह ने भी जमकर ढोलक की थाप पर अपना हाथ फेरा और मजीरा भी बजायी। श्रेयसी सिंह इस दौरान काफी देर तक होली गीतों का लुफ्त उठाते दिखीं। महिला दिवस के मौके आयोजित होली मिलन समारोह को लेकर बीजेपी विधायक श्रेयसी सिंह ने महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण को लेकर काफी काम हो रहा है। यही वजह है कि महिलाएं सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सांसें चलती रहेंगी, तब तक महिलाओं के हक के लिए वो लड़ाई लड़ती रहेंगी।
