Mukhiyajee Reporter | Gaya
भावनाओं से भरे माहौल और तालियों की गूंज के बीच मोहड़ा प्रखंड स्थित सेवतर के +2 मोहन दास करमचंद गांधी स्कूल में आयोजित ‘विदाई सह सम्मान समारोह’ ने हर आंख को नम कर दिया। समारोह में गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान पार्षद जीवन कुमार बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और गुरुजनों के योगदान को नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षक कभी रिटायर नहीं होता, वह केवल एक पीढ़ी को संस्कारों और ज्ञान की पूंजी सौंपकर अगली पीढ़ी के लिए रास्ता तैयार करता है। उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि विदाई महज एक औपचारिकता है, शिक्षक का स्थान सदैव हमारे हृदय और समाज की चेतना में बना रहता है।


समारोह में सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार और स्थानीय ग्रामीणों ने भी अपने प्रिय गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कई छात्रों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन ही उनके जीवन की दिशा तय करता है। विधान पार्षद जीवन कुमार ने कहा कि जो शिक्षक अपना पूरा जीवन बच्चों का भविष्य संवारने में समर्पित कर देते हैं, वे समाज की असली पूंजी हैं। उन्होंने दोहराया कि उनका सार्वजनिक जीवन शिक्षक समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित है।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी सेवानिवृत्त गुरुजनों के स्वस्थ, दीर्घ और सुखद जीवन की कामना की। विद्यालय परिसर में गूंजती तालियों और भावुक पलों के बीच यह संदेश स्पष्ट था कि शिक्षक की भूमिका समय की सीमा से परे होती है, वह पीढ़ियों तक जीवित रहती है।
इसे भी पढ़ें : EPF कटौती पर बिहार विधान परिषद में गरजे जीवन कुमार, कहा- शिक्षकों की कमाई लूटने नहीं देंगे…
इसे भी पढ़ें : ‘641 अनुदानित स्कूलों का क्या होगा’ – विधान पार्षद जीवन कुमार ने शून्यकाल में उठाया मुद्दा…





