Mukhiyajee Reporter | Munger
मुंगेर के तोपखाना बाजार स्थित रहबर उर्दू लाइब्रेरी में मंगलवार को अल्लामा इकबाल की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरीय उप समाहर्ता कमल किशोर उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जमालपुर के पूर्व विधायक अजय कुमार सिंह एवं पूर्व जिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष मो इनामुल हक शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मौलाना अब्दुल्लाह बुखारी ने की, जबकि संचालन लाइब्रेरी के सचिव एहतेशाम आलम ने किया। इस दौरान डॉक्टर गजाली अनवर हेलाल ने अपने पिता द्वारा अल्लामा इकबाल पर लिखित एक विशेष पुस्तक अतिथियों को भेंट की। कार्यक्रम के संयोजन में लाइब्रेरी के सभी सम्मानित पदाधिकारियों ने अहम भूमिका निभाई।

विशिष्ट अतिथि सह पूर्व विधायक अजय कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे महान विचारकों के विचारों को याद करने के लिए इस तरह के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना आज के समय में एक अत्यंत सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि इससे आज की युवा पीढ़ी को बहुमूल्य सीख मिलती है। मोहम्मद इनामुल हक ने बताया कि अल्लामा इकबाल की रचनाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं और नयी पीढ़ी को पढ़ाई, आत्मसम्मान और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देती हैं। वे नयी पीढ़ियों के लिए एक मार्गदर्शक शिक्षक थे, जिनके विचारों से समाज को एक नयी और सकारात्मक दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपने श्रेष्ठ कर्मों और कार्यों के बल पर ही अपनी यादें पीछे छोड़ जाता है। उनसे प्रेरणा लेकर हमें उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं, अल्लामा इकबाल एक प्रख्यात लेखक, शायर और शिक्षाविद थे, जिन्होंने अपनी ओजस्वी रचनाओं से हमेशा समाज को प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि वरीय उप समाहर्ता कमल किशोर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन रहबर उर्दू लाइब्रेरी के सभी सराहनीय कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेता है। उन्होंने इस आयोजन के लिए लाइब्रेरी से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी। लाइब्रेरी के उपाध्यक्ष जफर अहमद ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इकबाल की जयंती को उर्दू दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य लोग, साहित्य प्रेमी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। आयोजकों ने एक स्वर में कहा कि लाइब्रेरी में आगे भी इस तरह के कार्यक्रम होते रहेंगे, ताकि युवाओं में पढ़ने-लिखने की आदत बढ़े और वे अपनी साहित्यिक विरासत से जुड़े रहें।






