पटना में डेजी क्लब के शुभारंभ पर मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा- खेल अब मनोरंजन ही नहीं, युवाओं के बेहतर भविष्य का माध्यम; लोगो का भी अनावरण

Mukhiyajee Reporter | Patna (Ajeet)

दानापुर के सगुना मोड़ स्थित आर.के. पुरम में रविवार को बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने डेजी क्लब का भव्य उद्घाटन किया और क्लब के लोगो का अनावरण किया। युवाओं को खेल, फिटनेस और मनोरंजन से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह क्लब स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण मंच बनेगा। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए खेल मंत्री ने कहा कि बिहार में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आज जब क्रिकेट के मैदान पर वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, तो इससे बिहार के युवाओं में खेल के प्रति नया उत्साह पैदा हुआ है। खेल अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि युवाओं के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने और बेहतर भविष्य का अवसर भी बन चुका है।

वरीय पत्रकार अजीत कुमार को सम्मानित करते आयोजक।

श्रेयसी सिंह ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल के प्रति भी प्रोत्साहित करें और उन्हें खेल क्लबों से जोड़ें। खेल से जुड़ने से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खेल के साथ फिटनेस भी जरूरी है और ऐसे क्लब युवाओं को स्वस्थ रहने के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि शहरों में जगह की कमी के बावजूद युवाओं के लिए खेल सुविधाएं विकसित करना समय की जरूरत है। अधिक से अधिक खेल क्लब खुलने चाहिए, ताकि बच्चों और युवाओं को खेलने के लिए बेहतर माहौल मिल सके। उन्होंने डेजी क्लब के आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह क्लब युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में उपयोगी साबित होगा। समारोह में दीघा विधायक संजीव चौरसिया, मसौढ़ी विधायक अरुण मांझी, अभिनेता पंकज केसरी, पत्रकार अजीत कुमार, समाजसेवी राहुल बोब्बा और गायिका हनीप्रिया समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गयी। इसके बाद गायिका हनीप्रिया की छठ गीत प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह और भक्ति का माहौल बना दिया। क्लब में बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल और बास्केटबॉल जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। आयोजकों के अनुसार, युवाओं को खेल प्रशिक्षण के साथ फिटनेस और मनोरंजन की सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जाएंगी। क्लब का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे आगे चलकर जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। आयोजक एवं स्वागतकर्ता विद्यासागर सिंह, हेमंत कुमार, संतोष कुमार, मुकेश सिंह, निखिल कुमार, शुभम कुमार और अंकित सिंह ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर वरीय पत्रकार अजीत कुमार को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।