PATNA (RAJESH THAKUR) : दिल्ली में विधानसभा चुनाव 2025 (Delhi Assembly Election 2025) को लेकर हलचल तेज है। वोटरों को रिझाने के सारे जुगत अपनाये जा रहे हैं। अगले माह के पहले सप्ताह में 5 फरवरी को वोटिंग होनी है। 8 फरवरी को काउंटिंग है। दिल्ली में तीन बार से लगातार आम आदमी पार्टी की सरकार है। वहां पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) काफी दिनों तक मुख्यमंत्री रहे। वर्तमान में दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी (Atishi) हैं। इस बार भी बीजेपी सत्ता पाने के लिए जी-जान से जुटी हुई है। इसे लेकर पार्टी ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इसमें बिहार के दो नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी गयी है। यह जिम्मेदारी बिहार के उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) और केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) को मिली है। लेकिन बड़ा सवाल है बीजेपी को इन्हीं दोनों पर भरोसा क्यों ?
40 नेताओं की बनी है सूची : बीजेपी मुख्यालय की ओर से जारी इस सूची में देश भर के 40 दिग्गज नेताओं को शामिल किया गया है। इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, मनोज तिवारी, मनोहर लाल खट्टर, हेमामालिनी समेत अन्य राष्ट्रीय स्तर के नेता हैं। इन्हीं नेताओं में बिहार से जुड़े सम्राट चौधरी और गिरिराज सिंह को भी स्टार प्रचारकों की सूची में रखा गया है। सूत्रों की मानें तो सबों को विधानसभा क्षेत्र के अनुसार प्रचार का शेड्यूल तय किये जायेंगे। इन नेताओं को उन क्षेत्रों में लगाया जाएगा, जहां बिहारी वोटर्स अधिक हैं। हालांकि, दिल्ली में चुनावी अधिसूचना जारी होने के बाद से ही नेताओं का कैंपेन तेज हो गया है। चुनाव प्रचार जारी है।

विरोधियों को घेरने में माहिर : उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हों या केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, दोनों ही नेता भाषण के कौशल में माहिर हैं। विरोधियों पर जबरदस्त ढंग से हमला करते हैं। गिरिराज सिंह भूमिहार समाज से आते हैं और वर्तमान में बेगूसराय से सांसद हैं। वे भाजपा के फायर ब्रांड नेता माने जाते हैं। बिहार से लेकर केंद्र तक के नेता उनके निशाने पर रहते हैं। इन दिनों उनके निशाने पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कुछ ज्यादा हैं। दूसरी ओर, कुशवाहा समाज से आनेवाले सम्राट चौधरी भी विरोधियों पर ताबड़तोड़ सियासी हमले करते हैं। जब बिहार में महागठबंधन की सरकार थी, तब भी वे विरोधियों पर टूट पड़ते थे। अब वे सत्ता में हैं और उपमुख्यमंत्री के पद पर हैं, तब भी विरोधियों पर उसी अंदाज में चोट करते हैं।
मनोज तिवारी नहीं रहे हैं बहुत अधिक सफल : वैसे तो बिहार से ही जुड़े हैं बीजेपी सांसद मनोज तिवारी। इन्हें भी स्टार प्रचारक की लिस्ट में शामिल किया गया है। वे दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इतना ही नहीं, दिल्ली से 2020 के चुनाव में बीजेपी मनोज तिवारी के भरोसे ही थी, लेकिन चुनाव में पार्टी को फायदा नहीं के बराबर हुआ। 2015 के चुनाव में बीजेपी को महज 3 सीटें मिली थीं, तो 2020 के चुनाव में 7 सीटें आयीं। ऐसे में 2025 के चुनाव में बिहारी वोटरों को रिझाने के लिए बीजेपी ने सियासी रणनीति के तहत फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह और सम्राट चौधरी को प्रचार में लगाया है। दरअसल, पिछली बार बिहारी वोटर बाहुल्य क्षेत्रों में इन क्षेत्रों के मतदआम आदमी पार्टी को पूरा समर्थन मिला था. लेकिन, इस बार के चुनाव में बीजेपी इन वोटरों को अपने पाले में लाने के लिए खूब जोर लगा रही है। बिहार के नेताओं को स्टार प्रचारकों के तौर पर उतारकर बीजेपी इन सीटों पर मजबूती बनाने की कोशिश में है।

बिहार से इन दोनों का ही चयन क्यों : सबकुछ होने के बाद भी बिहार से महज इन दोनों नेताओं का ही चयन क्यों हुआ ? मीडिया एक्सपर्ट की मानें तो बीजेपी का मुख्य एजेंडा हिंदुत्व है और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का भाषण हिंदुत्व पर ही फोकस रहता है। इसके अलावा उनके निशाने पर इन दिनों अरविंद केजरीवाल कुछ ज्यादा हैं। दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार में कुशवाहा समाज का बड़ा चेहरा हैं और पिछड़ा वर्ग से आते हैं। दिल्ली में 27 सीटें ऐसी हैं, जहां यूपी और बिहार के वोटरों की संख्या अधिक है। इनमें लवकुश वोटरों की संख्या भी अधिक है। दरअसल, दिल्ली में यूपी-बिहार के मतदाताओं की संख्या 35 प्रतिशत से अधिक है। ये ही वोटर इन सीटों पर हार-जीत का फैसला करते हैं। इतना ही नहीं, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पिछले दिनों आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर भी खूब बरसे थे। ऐसे में बीजेपी को दिल्ली चुनाव में इनसे लाभ की उम्मीद है।
क्या कहा था सम्राट चौधरी ने : उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसी माह 10 जनवरी को आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर खूब बरसे थे। पूर्वांचल के लोगों को अपमानित करने को लेकर उन्हें आड़े हाथों लिया। कहा कि केजरीवाल पूर्वांचल के लोगों को बार-बार अपमानित करने का काम कर रहे हैं। बिहार और यूपी के लोग कभी भी किसी का बोझ नहीं बनते हैं, बल्कि जिनके साथ ये लोग होते हैं, उनका सौभाग्य होता है। आगे कहा कि ये वही केजरीवाल हैं जिन्होंने राजद अध्यक्ष लालू यादव को भ्रष्टाचारी और अपराधी कहा था और आज उन्हीं का परिवार केजरीवाल की गोद में खेल रहा है।
पढ़ने के लिए क्लिक करें : पूर्वांचल के लोगों को बार-बार कर रहे हैं अपमानित…
गिरिराज सिंह भी गरजते रहते हैं केजरीवाल पर : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी कई मौकों पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते रहे हैं। पिछले दिनों बेगूसराय में मीडिया से बातचीत के दौरान केजरीवाल पर कटाक्ष किया था। उन्होंने कहा था कि केजरीवाल धोखेबाज हैं, उन्होंने अन्ना हजारे को धोखा दिया, दिल्ली के लोगों को धोखा दिया, शिक्षा और स्वास्थ घोटाला किया। केजरीवाल बिहार और पूर्वांचल के लोगों को कहते हैं कि 500 रुपये का टिकट कटाकर आते हैं और 5 लाख का इलाज करवाकर चले जाते हैं। केजरीवाल जिस खाली में खाते हैं, उसी में छेद करते हैं, यही उनका पुराना रिकॉर्ड है।
पढ़ने के लिए क्लिक करें : बिहार पॉलिटिक्स बदलाव की ओर, नीतीश कुमार मैदान छोड़ने को तैयार नहीं…
