
PATNA (RAJESH THAKUR) : बिहार के उपमुख्यमंत्री सह वित्त एवं वाणिज्य कर मंत्री सम्राट चौधरी ने आज 3.17 लाख करोड़ का बजट पेश किया। बजट के अनुसार बिहार सरकार सबसे अधिक शिक्षा पर खर्च करेगी। मुखियाजी डॉट कॉम की खबर पर लगी मुहर। इस वेब पोर्टल ने अपनी खबर में 3.20 लाख करोड़ के बजट पेश किये जाने की संभावना जतायी थी। वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने बजट में बड़ी घोषणा करते हुए बिहार के बेगूसराय में कैंसर अस्पताल खोलने की घोषणा की है। इसके साथ ही बजट में 52 नयी घोषणाएं की गयी हैं। इसके तहत सरकार हर पंचायत में विवाह मंडप बनाएगी, जहां गरीब लड़कियों की शादी करायी जाएगी। वहीं महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे। महिलाओं के लिए शहरों में पिंक बस सर्विस शुरू की जाएगी, जिसमें ड्राइवर से लेकर खलासी तक महिलाएं ही होंगी।
बजट सत्र के दूसरे दिन सोमवार (3 मार्च) को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 3 लाख 16 हजार 800 करोड़ का बजट पेश किया। नीतीश सरकार सबसे ज्यादा 60 हजार करोड़ शिक्षा में खर्च करेगी। वहीं स्वास्थ्य सुविधा में 20335 करोड़ खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मोदी के मंत्र और नीतीश के संकल्प से बिहार का विकास करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट 38 हजार करोड़ अधिक है। आर्थिक सेवा में 25 हजार 262 करोड़ रुपए का प्रस्ताव किया गया है। बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के लिए 1000 करोड़ तय किए गए हैं। नीतीश सरकार सरकार 2819 करोड़ रुपए का लोन चुकाएगी। इसमें से 1600 करोड़ केंद्र को देना है। वहीं राजकोषीय घाटा निर्धारित सीमा से 3% नीचे है।

उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने बजट में बेगूसराय में कैंसर अस्पताल खोलने के अलावा पूर्णिया एयरपोर्ट को अगले तीन महीने के अंदर शुरू करने का ऐलान किया गया है। इसका निर्माण जल्द शुरू होने वाला है। अगले तीन महीने में पूर्णिया एयरपोर्ट से हवाई जहाज उड़ने लगेगा। बिहार की सरकार ने फैसला किया है कि राजगीर में सुल्तानगंज और रक्सौल में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाए जाएंगे। वहीं वाल्मिकीनगर, मुंगेर, सहरसा और मुजफ्फरपुर में छोटे हवाई जहाजों के लिए फ्लाइट सेवा शुरू की जाएगी।

बता दें कि उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने पहली बार पिछले साल 2024-25 का बजट पेश किया था। तब 2 लाख 78 हजार 425 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया था। उस समय शिक्षा का बजट 52639.03 करोड़ रुपए का रखा गया था। इसी तरह, परिवहन और संचार का बजट 46,729 करोड़ का था। सात निश्चय-2 के लिए 5040 करोड़, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के लिए 700 करोड़ की राशि देने का प्रावधान किया गया था। पर्यटन के क्षेत्र में निवेश पर सब्सिडी देने का फैसला लिया गया था. इसके तहत 10 करोड़ रुपये तक के निवेश पर 30% तक की सब्सिडी, 50 करोड़ और उससे अधिक के निवेश पर 25 प्रतिशत की सब्सिडी देने की घोषणा हुई थी।
