
Mukhiyajee Reporter | Patna
कहते हैं कि नेता वही जो जनता के बीच सहज रहे, और IIP पार्टी से चुनाव जीतकर बने सहरसा के विधायक आईपी गुप्ता ने जमुई की सड़क पर इसे सच कर दिखाया। सुबह की सैर पर निकले विधायक जी को कोचिंग जा रहे एक छात्र ने अपनी साइकिल पर बैठने का न्योता दिया, और वे बिना झिझक कैरियर पर सवार हो गए। यह नजारा अब वीडियो के जरिए लोगों तक पहुंचा तो हर कोई मुस्कुरा उठा। पूरा किस्सा विधायक ने खुद अपने फेसबुक पोस्ट में साझा किया है। उन्होंने लिखा कि वे सहरसा से देर रात जमुई लौटे थे और सुबह पैदल मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। उनके शब्दों में, जमुई हो या सहरसा, सड़क का आदमी सड़क पर ही होता है।

विधायक जी ने लिखा कि जमुई में मॉर्निंग वॉक के दौरान कोचिंग जा रहे दो लड़कों ने उन्हें अकेले पैदल चलते देखा। पहले वे थोड़ा ठिठके, फिर बोले, “आईपी अंकल, आइए मेरी साइकिल पर, छोड़ देता हूं आपको।” विधायक ने चुटकी लेते हुए अंगिका भाषा में कहा कि साइकिल टूट जैतो (साइकिल टूट जाएगी)। इस पर छात्र का जवाब ऐसा था कि विधायक खुद भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके। छात्र ने बेझिझक कहा कि यह भैंस चराने वाले यादव की साइकिल है और उसने इसे अपनी मेहनत से खरीदा है। इसके बाद विधायक जी बिना देर किए कैरियर पर बैठ गए। साथ चल रहे दूसरे छात्र ने मोबाइल निकाला और पूरे सफर का वीडियो बना लिया। वीडियो में लाल टीशर्ट पहने विधायक साइकिल के कैरियर पर बैठे दिख रहे हैं। आगे एक युवक साइकिल चला रहा है, जबकि दूसरा युवक मोबाइल से वीडियो बनाते हुए साथ चल रहा है। इसी अंदाज में छात्र उन्हें ढोते हुए कोचिंग तक पहुंच गया।



दरअसल, सड़क पर आम लोगों के बीच विधायक के इस सहज अंदाज की खूब सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि जब जनप्रतिनिधि बिना किसी तामझाम के इस तरह आम लोगों से जुड़ते हैं, तो जनता और नेता के बीच की दूरी कम होती है। वहीं, छात्र का आत्मविश्वास और अपनी मेहनत की कमाई की साइकिल पर गर्व भी चर्चा का विषय बना हुआ है। मेहनत से हासिल चीज पर गर्व करने की यह सीख इस छोटे से किस्से को खास बना देती है। बहरहाल, विधायक आईपी गुप्ता अपनी बेबाक बातों के लिए जाने जाते हैं। भले ही विधानसभा में अपनी पार्टी के इकलौते विधायक हैं, लेकिन अपने सवालों से बड़ी-बड़ी पार्टियों पर भारी पड़ते हैं। इतना ही नहीं, पुराने संघर्ष के दिनों को समय-समय पर याद कर वे इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा भी करते हैं।
सभी विज्ञापनदाताओं को धनतेरस और दीपावली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं









