Bihar MLC Election 2026 : कोसी स्नातक में एनके यादव की जीत में हवेली खड़गपुर का योगदान, भाजपा नेता अनिल साह ने 911 में से करीब 850 वोटरों से किया सीधा संपर्क

Mukhiyajee Reporter | Bhagalpur

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. एनके यादव ने सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। इस जीत की चर्चा हवेली खड़गपुर प्रखंड में भी है, जहां भाजपा के स्थानीय नेता अनिल साह ने मतदाता सूची बनवाने से लेकर वोटरों से व्यक्तिगत संपर्क तक की अहम भूमिका निभायी। अनिल साह वर्तमान में भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक हैं और भागलपुर प्रमंडल के प्रभारी भी हैं। बिहार में आठ सीटों के लिए हुए इस चुनाव में चार सीटें शिक्षक और चार सीटें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की थीं। मतगणना 27 अक्टूबर को शुरू हुई और 28 अक्टूबर को नतीजे आए। कोसी स्नातक सीट से एनके यादव ने जीत की हैट्रिक लगायी और सभी आठ सीटों में सबसे अधिक वोटों के अंतर से विजयी रहे।

मुखियाजी डॉट कॉम से बातचीत में अनिल साह ने बताया कि कोसी स्नातक क्षेत्र के हवेली खड़गपुर में कुल 911 मतदाता सूची में शामिल थे। इनका मतदान केंद्र खड़गपुर प्रखंड कार्यालय में बनाया गया था। उन्होंने कहा कि खड़गपुर के 18 पंचायतों और नगर परिषद के 25 वार्डों के इन 911 वोटरों में से लगभग 850 को वे व्यक्तिगत रूप से जानते हैं। सभी का फोन नंबर उनके पास है और चुनाव के दौरान उन्होंने एक-एक वोटर से बात कर मुलाकात की। उन्होंने बताया कि जिस समय वे हवेली खड़गपुर में स्नातक मतदाता बनवा रहे थे, उसी दौरान बिहार विधानसभा चुनाव में बांका जिले में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। यानी दोनों मोर्चों पर एक साथ काम चल रहा था। उन्होंने बताया कि उनके बूथ पर कुल 536 वोट ही पड़े, लेकिन इनमें करीब 80 प्रतिशत वोट भाजपा को मिले।

अनिल साह ने यह भी कहा कि बाकी वोटरों के नाम भी उन्हीं के प्रयास से सूची में जुड़े थे, लेकिन पार्टी के नाम पर वे इधर-उधर हो गए। इसके बावजूद उन्हें संतोष है कि बूथ पर भाजपा को बड़ा समर्थन मिला। उन्होंने इस सफलता का श्रेय संगठन के साथियों को भी दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा नगर अध्यक्ष शिव शंकर चौधरी के अलावा ग्रामीण क्षेत्र से मंडल अध्यक्ष पप्पू यादव और महेंद्र सिंह की इस पूरे अभियान में अहम भूमिका रही। उनके अनुसार, इन सभी के सामूहिक प्रयास से ही हवेली खड़गपुर में पार्टी का संपर्क अभियान मजबूत रहा। वे सब काउंटिंग में पूर्णिया भी गए थे। बता दें कि एनके यादव को कोसी स्नातक सीट पर पहली वरीयता में 24,258 वोट मिले थे। दूसरी वरीयता की गिनती के बाद वे राजद के नीतेश कुमार से 10,026 वोट के अंतर से जीते, जो कि सभी आठ सीटों में सर्वाधिक अंतर वाली जीत है।