भागलपुर में चिराग पासवान ने किया ‘हरि ओम लक्ष्मी नारायण ज्वैलर्स’ का शुभारंभ, सांसद राजेश वर्मा ने किया स्वागत

Mukhiyajee Reporter | Patna

लोजपा-आर के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शुक्रवार को भागलपुर के खरमनचक स्थित प्रतिष्ठान ‘हरि ओम लक्ष्मी नारायण ज्वैलर्स’ का विधिवत शुभारंभ किया। प्रतिष्ठान के ओनर सह खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने उनके आगमन पर आभार प्रकट करते हुए बुके देकर गर्मजोशी से स्वागत किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समर्थक और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। समारोह के दौरान खरमनचक इलाके में खासी चहल-पहल देखने को मिली। केंद्रीय मंत्री के पहुंचते ही समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतिष्ठान का शुभारंभ करने के बाद चिराग पासवान ने शोरूम का अवलोकन किया और प्रतिष्ठान के संचालकों को सफल कारोबार के लिए शुभकामनाएं दीं।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि उन्होंने इस तरह के नए प्रतिष्ठान न केवल क्षेत्र की व्यावसायिक गतिविधियों को गति देते हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा करते हैं। इस अवसर पर बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय सिंह और गन्ना उद्योग विभाग के मंत्री संजय पासवान भी उपस्थित रहे। इसके अलावा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक, विधान पार्षद अशरफ अंसारी, खगड़िया के विधायक बबलू मंडल और भागलपुर के सांसद अजय मंडल सहित पार्टी एवं एनडीए के कई वरिष्ठ नेता समारोह में शामिल हुए। सभी अतिथियों का प्रतिष्ठान की ओर से स्वागत किया गया।

उपस्थित नेताओं ने प्रतिष्ठान के मालिक राजेश वर्मा को नए व्यावसायिक उपक्रम के लिए बधाई दी और उम्मीद जताई कि यह शोरूम भागलपुर तथा आसपास के जिलों के ग्राहकों के बीच भरोसे का नया केंद्र बनेगा। नेताओं ने कहा कि त्योहार और शादी-विवाह के मौसम में इस तरह के प्रतिष्ठान का खुलना क्षेत्र के लोगों के लिए सुविधाजनक साबित होगा। कार्यक्रम के दौरान मंच पर नेताओं के बीच आपसी संवाद और अभिवादन का सिलसिला भी चलता रहा। एनडीए के घटक दलों के नेताओं की एक साथ मौजूदगी की वजह से यह आयोजन राजनीतिक रूप से भी चर्चा में रहा। समारोह के अंत में प्रतिष्ठान की ओर से सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। शुभारंभ के बाद से ही शोरूम में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई।