PATNA (MR) : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बुधवार को अपनी माताश्री स्व० परमेश्वरी देवी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मां को याद किया। मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा, हरनौत स्थित कविराज रामलखन सिंह स्मृति वाटिका जाकर स्व परमेश्वरी देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने अपने पिता कविराज स्व रामलखन सिंह एवं अपनी धर्मपत्नी स्व मंजू सिन्हा की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री के बड़े भाई सतीश कुमार, पुत्र निशांत कुमार एवं निकट परिजनों ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर बिहार के नवनियुक्त राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गांव पहुंचे। राज्यपाल ने भी मुख्यमंत्री की मां स्व परमेश्वरी देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, विधायक डॉ० जितेन्द्र कुमार, विधायक कौशल किशोर, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी, विधान पार्षद ललन सर्राफ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा के भगवती मंदिर (देवी स्थान) में पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। कल्याण बिगहा एवं आसपास के लोग मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर अत्यधिक प्रफुल्लित थे। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और उसके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।