बिहार : गोढ़वा पंचायत 26 जनवरी को इतिहास रचेगी, यह किशोरी बनेगी एक दिन की मुखिया

Nidhi Shekhar । Patna
पूर्वी चंपारण जिले के गोढ़वा ग्राम पंचायत में पंचायती राज व्यवस्था को लेकर एक अनोखी पहल की गयी है। यह पंचायत मोतिहारी प्रखंड में पड़ता है। इस बार 26 जनवरी को गोढ़वा के स्थायी मुखिया राजू बैठा ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। उनके नेतृत्व में गणतंत्र दिवस पर इस बार पंचायत को एक दिन के लिए किशोरी मुखिया मिलने जा रही है। चयन प्रक्रिया परीक्षा के माध्यम से पूरी की जाएगी। इसे लेकर गोढ़वा पंचायत अचानक बिहार के नक्शे पर छा गयी है। यह सवाल सबके जेहन में कौंधने लगा है कि आखिर वह कौन किशोरी का चयन होगा, जो एक दिन के लिए मुखिया बनेगी।

मुखिया राजू बैठा की इस पहल के तहत कक्षा 6 से 9 तक की किशोरियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 21 जनवरी निर्धारित है, जबकि 25 जनवरी को परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा 50 अंकों की होगी। चयनित किशोरी को 26 जनवरी को ग्रामसभा की अध्यक्षता करने के साथ पंचायत स्तर की योजनाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाएगा। मुखिया राजू बैठा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को पंचायत व्यवस्था से जोड़ना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया की व्यावहारिक समझ देना है।

मुखिया ने कहा कि पंचायत का भविष्य तभी मजबूत होगा, जब नयी पीढ़ी को नेतृत्व की जिम्मेदारी समझने का अवसर मिलेगा। किशोरी की चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए तीन सदस्यीय ज्यूरी गठित की गयी है। इसमें आईसीडीएस डीपीओ विनिता कुमारी, सीडीपीओ आदित्य विशाल तथा पीएम मध्य विद्यालय चिरैया के प्रधानाध्यापक ज्ञान प्रकाश शर्मा शामिल हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली किशोरी का चयन एक दिन की मुखिया के रूप में किया जाएगा तथा उसे प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। बहरहाल, पंचायत स्तर पर इस प्रयोग को बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उम्मीद जतायी जा रही है कि गोढ़वा पंचायत की यह पहल बिहार की अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।