Radio Mukhiyajee | Desk Report
वैभव सूर्यवंशी का क्रिकेट के इतिहास में आज एक और रिकॉर्ड जुट गया। बिहार के इस लाल ने राइजिंग स्टार्स एशिया कप में UAE के खिलाफ उन्होंने 53 गेंदों पर 204 रन ठोक दिये। दोहरा शतक सिर्फ 52 गेंदों में पूरा हुआ, जो क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक है। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 28 छक्के लगाए। इतना ही नहीं, पेशेवर क्रिकेट की किसी भी एक पारी में इतने छक्के किसी ने नहीं मारे थे। वैभव ने पहले ही 28 गेंदों में शतक पूरा कर लिया, जो लिस्ट-ए का सबसे तेज शतक है। इसमें 14 छक्के थे। अर्धशतक तो महज 16 गेंदों में आ गया था। दूसरे छोर पर रिंकू सिंह स्ट्राइक देते रहे और वैभव गेंदबाजों की धुनाई करते रहे। दोहरा शतक पूरा होते ही अगली गेंद पर वे आउट हुए, लेकिन तब तक UAE के गेंदबाज पस्त हो चुके थे। 250 रन के लक्ष्य को भारत ए ने सिर्फ 14 ओवर में 7 विकेट से जीत लिया और सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया।

इस रिकॉर्ड के पीछे बिहार की मिट्टी की मेहनत छिपी है। वैभव का जन्म 27 मार्च 2011 को समस्तीपुर जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर ताजपुर में हुआ। पिता संजीव सूर्यवंशी खुद कभी क्रिकेटर रहे और अब खेती-किसानी करते हैं। वे अपने अधूरे सपने को बेटे में जीने लगे और 5 से 6 साल की उम्र में ही उसके हाथ में बल्ला थमा दिया। शुरुआती अभ्यास समस्तीपुर के पटेल मैदान में हुआ। बाद में पिता हर दूसरे दिन करीब ढाई घंटे का सफर तय कर बेटे को ताजपुर से पटना की अकादमी में अभ्यास के लिए ले जाने लगे। संसाधनों की कमी और लंबी दूरी, किसी चीज ने इस सफर को नहीं रोका।

बहरहाल, नतीजा सामने है। जिस बिहार को लंबे समय तक रणजी ट्रॉफी से बाहर रहना पड़ा, उसी बिहार का यह बेटा 12 साल की उम्र में रणजी खेलने वाला सबसे युवा खिलाड़ी बना। फिर आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए 35 गेंदों में शतक जड़कर सबसे कम उम्र का आईपीएल शतकवीर बना। इसी साल जून में उसे पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली। पिछले साल इसी टूर्नामेंट में दोहा में UAE के खिलाफ उन्होंने 42 गेंदों पर 144 रन बनाए थे। अब उसी टीम के खिलाफ उन्होंने अपना रिकॉर्ड खुद ही तोड़ डाला।






