सम्राट चौधरी के खिलाफ क्या ‘सवर्ण सियासत’ थमेगी, नीतीश सेतु पर मोदी के ‘निशांत आलिंगन’ का क्या है पॉलिटिकल इफेक्ट

Rajesh Thakur | Patna

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली दौरे के बाद बिहार की सियासत में एक सवाल तेजी से उठ रहा है कि क्या मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर चल रही ‘सवर्ण सियासत’ अब थम जाएगी? कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल को ‘नीतीश सेतु’ के रूप में राष्ट्र को समर्पित करने पहुंचे प्रधानमंत्री ने मंच से कहा कि नीतीश कुमार के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी टीम विकास अभियान को आगे बढ़ा रही है। राजनीतिक जानकार इस बात को महज औपचारिकता नहीं, बल्कि एक बड़े संदेश के रूप में देख रहे हैं। आखिर इस संदेश की जरूरत क्यों पड़ी, इसकी जड़ें भाजपा के भीतर की खींचतान में तलाशी जा रही हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि पार्टी में सवर्णों का एक बड़ा तबका सम्राट चौधरी के नेतृत्व को आज तक दिल से स्वीकार नहीं कर पाया है। खासकर भूमिहार और ब्राह्मण महकमे में। हालांकि सब ऐसे नहीं हैं, लेकिन ऐसे लोगों की संख्या नहीं के बराबर है। खास बात कि 15 अप्रैल को सम्राट के मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही उनकी सरकार की उम्र को लेकर कयास लगते रहे हैं। सात महीने से अधिक बीत जाने के बाद भी अटकलों का दौर थमा नहीं है और अब उत्तर प्रदेश चुनाव के बाद का समय बताया जा रहा है।

इस सवर्ण सियासत की सबसे बड़ी परीक्षा बांकीपुर उपचुनाव में दिखी। नितिन नवीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद बनने के बाद खाली हुई भाजपा की परंपरागत सीट पर जनसुराज के प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज की। ब्राह्मण समाज से आने वाले प्रशांत किशोर को लेकर चर्चा रही कि भाजपा के परंपरागत सवर्ण मतदाताओं का बड़ा हिस्सा उनके साथ चला गया। यह भी कहा गया कि अपने प्रत्याशी के पक्ष में भाजपा के कई बड़े सवर्ण नेता प्रचार के लिए पहुंचे जरूर, पर उनमें वह ‘गर्मजोशी’ नहीं दिखी। इस शिथिलता को मतदाताओं के एक वर्ग ने अपने नेताओं का मौन समर्थन माना। फिर इस पूरे चुनाव में प्रशांत किशोर के निशाने पर सबसे ज्यादा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ही रहे, जबकि प्रधानमंत्री या भाजपा के सवर्ण नेताओं पर सियासी हमला नहीं के बराबर दिखी।

हालांकि, जदयू की ओर से भी असहजता की चर्चा है। नीतीश कुमार के हटने से कुर्मी समाज का खफा होना स्वाभाविक माना जाता है और जानकारों के अनुसार, इस नाराजगी को भुनाने की कोशिशें भी होती रही हैं। नीतीश सेतु के उद्घाटन से कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मी द्वारा निशांत कुमार को पीछे धकेलने का वीडियो वायरल हुआ, जिसे एसएसजी ने मानवीय भूल बताया। वहां से उठी चिंगारी को प्रधानमंत्री ने मंच पर निशांत कुमार को गले लगाकर शांत कर दिया। हालांकि दूसरा पक्ष भी है। सम्राट मंत्रिमंडल में भाजपा कोटे के 15 मंत्रियों में लगभग आधा दर्जन सवर्ण हैं, जिनमें पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा भी शामिल हैं। और पूरा सियासी महकमा विजय सिन्हा का ‘दर्द’ समझता है। उनका यह दर्द गाहे-बगाहे मीडिया में भी आ जाता है और हर कोई इस दर्द को ‘सवर्ण सियासत’ से सीधा कनेक्शन मानता है। हालांकि विजय सिन्हा तो सामने आ भी जाते हैं, लेकिन कितने ही ‘हिडेन विजय सिन्हा’ अंदर ही अंदर विरोधी हवा दे रहे हैं, यह भी सबको पता है। लेकिन सबसे खास चौंकाने वाली बात यह भी है कि अपुष्ट सूत्रों के अनुसार कई सवर्ण संगठनों ने ‘अपने’ लोगों से प्रधानमंत्री के प्रोग्राम में शामिल नहीं होने की अपील की थी और वही लोग यह भी नैरेटिव सेट कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री को मंच पर देखा ही नहीं। बहरहाल, यह भी सच है कि प्रधानमंत्री ने खुले मंच से नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी की उनके कार्यों को लेकर खुलकर प्रशंसा की। सियासी पंडितों की मानें तो प्रधानमंत्री का आशीर्वाद सम्राट चौधरी के लिए बड़ी ताकत है, पर यह सवर्ण सियासत थमेगी या नहीं, इसका जवाब आने वाले दिनों में ही पता चलेगा।