बिहार को समर्थ, समृद्ध व आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दे गए पीएम मोदी, नीतीश सेतु को बताया सम्मान का प्रतीक; मुख्यमंत्री बोले- 2037 में बनेगा विकसित राज्य

Mukhiyajee Reporter | Rajapakar (Vaishali)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली जिले के राजापाकड़ में आयोजित जनसभा में बिहार को समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प दोहराया। करीब 16 मिनट के संबोधन में उन्होंने कहा कि बिहार बदल रहा है और इस बदलाव में एनडीए सरकार की भूमिका अहम रही है। वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने 13 मिनट के संबोधन में बिहार के विकास की नयी समय-सीमा घोषित की। उन्होंने कहा कि बिहार को 2047 के बजाय 2037 तक विकसित राज्य बनाया जाएगा और राज्य में उद्योगों का जाल बिछाकर बिहार में ही रोजगार सृजित किए जाएंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 227 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके पहले प्रधानमंत्री ने नरेंद्र मोदी ने बिहार की जनता को ‘नीतीश सेतु’ समर्पित किया। इस मौके पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन का भरोसा पैदा हुआ। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उसी भरोसे को आगे बढ़ा रहे हैं। पुल के नामकरण की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नीतीश सेतु नीतीश कुमार की सेवा और समर्पण के प्रति बिहारवासियों के सम्मान का सबूत है। उनके अनुसार इस पुल के बन जाने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा और किसानों-कारोबारियों के उत्पादों की बाजार तक पहुंच सुगम हो जाएगी। सभा में उमड़ी भीड़ का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों का यह उत्साह विकास कार्यों के प्रति जागरूकता का प्रमाण है। सरकार की कार्यशैली पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया गया है।

अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने लालू यादव और उनके परिवार का नाम नहीं लिया, लेकिन विरोधियों पर कटाक्ष करने के लिए नीतीश राज से पहले के दौर को जरूर याद किया। उन्होंने कहा कि पहले अपराध के आंकड़े गिने जाते थे, जबकि अब निवेश के आंकड़ों की चर्चा होती है। वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के विकास की नयी समय-सीमा के बारे में कहा कि बिहार को 2047 के बजाय 2037 तक विकसित राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने याद दिलाया कि 1912 में बिहार प्रांत का गठन हुआ था और 2037 में इसके 125 वर्ष पूरे होंगे। करीब 13 मिनट के भाषण में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के माता-पिता के प्रति कहे गए अपशब्दों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने राज्य में उद्योगों का जाल बिछाने का भरोसा दिलाया और कहा कि रोजगार बिहार में ही सृजित किए जाएंगे। सभा को स्थानीय सांसद चिराग पासवान सहित एनडीए के कई नेताओं ने भी संबोधित किया।