Mukhiyajee Reporter | Jaipur / Patna
राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने सत्ताधारी भाजपा को ग्रामीण इलाकों में करारी शिकस्त दी है। प्रदेश की 419 पंचायत समितियों में से 275 में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया है, जबकि भाजपा सिर्फ 63 में जीत पायी। 64 पंचायत समितियों में अन्य दलों और निर्दलीयों ने बाजी मारी और 17 में किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। जिला परिषदों में भी कांग्रेस का दबदबा रहा। 37 जिला परिषदों में से 23 में उसे स्पष्ट बहुमत मिला और चार में वह सबसे बड़ी पार्टी बनी। भाजपा पाँच जिला परिषदों तक सिमट गयी, जबकि नागौर में हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी आगे रही। इधर, इस जीत पर बिहार के कांग्रेसियों में खुशी की लहर है। बिहार में कांग्रेस मीडिया विभाग के जोनल कोर्डिनेटर राहुल कुमार ने इस जीत पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित राजस्थान के कांग्रेसी नेताओं को बधाई दी है।

आंकड़े बताते हैं कि जिला परिषद के कुल 1275 सदस्यों में कांग्रेस को 794 सीटें यानी करीब 62 प्रतिशत मिलीं, जबकि भाजपा को 358 सीटें यानी लगभग 28 प्रतिशत। पंचायत समितियों के कुल 7520 सदस्यों में कांग्रेस ने 3758 सीटें जीतकर 50 प्रतिशत का आंकड़ा छुआ। भाजपा के खाते में 2213 सीटें आयीं, जो करीब 29 प्रतिशत हैं। आम आदमी पार्टी और एनपीपी का खाता नहीं खुल सका। जिलेवार नतीजों में भी कांग्रेस की पकड़ दिखी। जालोर में पार्टी ने 14 में से 13 पंचायत समितियों में बहुमत पाया। धौलपुर में जिला परिषद की 29 में से 21 सीटें उसे मिलीं और भाजपा चार पर रुक गयी। झालावाड़ में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गढ़ में कांग्रेस आठ में से छह पंचायत समितियों में आगे रही, हालांकि वहां जिला परिषद में मुकाबला कांटे का रहा। राजधानी जयपुर में भी भाजपा अपना किला बचाने में नाकाम रही। इन चुनावों में आरएलपी भी बड़ी ताकत बनकर उभरी है। पार्टी ने पंचायत समितियों में सैकड़ों और जिला परिषदों में दर्जनों सीटें जीतीं। भारत आदिवासी पार्टी ने भी आदिवासी अंचल में अच्छा प्रदर्शन किया। वर्ष 2020 के पंचायत चुनावों में आरएलपी भाजपा के साथ गठबंधन में थी और उसे बहुत कम सीटें मिली थीं।

बहरहाल, नतीजों के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जयपुर में प्रेस वार्ता कर कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने तीन साल में जनता की अनदेखी की, इसी का जवाब मतदाताओं ने दिया है। उन्होंने ऐसा परिणाम पहले कभी नहीं आने का दावा किया और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से इस्तीफे की मांग की। डोटासरा ने चेताया कि बोर्ड बनाने में बेईमानी हुई तो जनता जवाब देगी। आरएलपी की जीत पर उन्होंने कहा कि उस पार्टी ने अपने मुद्दों पर और कांग्रेस ने अपनी विचारधारा पर चुनाव लड़ा। दूसरी ओर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ग्रामीण मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह भरोसा अब कांग्रेस की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह जवाब भाजपा की अपनी सरकार वाले राज्य से आया है और सीधे डबल इंजन को संदेश है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नतीजों को भाजपा के खिलाफ ग्रामीण मतदाताओं का साफ संदेश बताया। अब सबकी नजर जिला प्रमुख और प्रधान के चुनावों पर है। कई जगह त्रिशंकु स्थिति के कारण जोड़-तोड़ की राजनीति तेज होने के आसार हैं।









