देखें 10 तस्वीरें : दशमेश पिता श्रीगुरु गोविंद सिंहजी के जन्मोत्सव पर गुरुमय हुई पटना सिटी, मुख्य समारोह तख्तश्री हरमंदिर साहिब में

PATNA (MR) : दशमेश पिता साहिब श्रीगुरु गोविंद सिंहजी का आज 6 जनवरी को 358 वां प्रकाशोत्सव मनाया जा रहा है। इस मौके पर मुख्य समारोह का आयोजन बिहार के पटना सिटी स्थित तख्तश्री हरमंदिर साहिब में किया जा रहा है। मुख्य दीवान तख्त साहिब को सजाया गया है। वहां अमृत बेले में अखंड पाठ की समाप्ति के बाद आरती, अरदास, बैंड बाजे की धुन, आतिशबाजी व पुष्पवर्षा कर गुरुजी का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। इसके तहत आज सुबह तख्त साहिब में विशेष समागम का आयोजन किया गया। अरदास, हुकुमनामा व कड़ाह प्रसाद वितरण के बाद गुरशबद विचार और शबद कीर्तन पेश किए गए।

इसके पहले खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोविन्द सिंहजी महाराज के 358 वें प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर बड़ी संगत, गुरुद्वारा गायघाट से भव्य नगर कीर्तन निकाली गयी। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पालकी का स्वागत किया। रविवार की दोपहर बारह बजे निकाली गयी नगर कीर्तन भद्रघाट, बेलवरगंज, पश्चिम दरवाजा चौक होते हुए तख्त साहिब पहुंची। शोभा यात्रा में देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु, बैंड बाजे, कीर्तन मंडलियां, हाथी-घोड़े, ऊंट, स्कूली बच्चों का मार्च पास्ट, करतब दिखाते कलाकारों संग पंच प्यारे व झूलते निशान साहिब की अगुआई में गुरुग्रंथ साहिब की पालकी चल रही थी। अशोक राजपथ होते नगर कीर्तन देर शाम तख्त साहिब पहुंचा जहां उसका जोरदार स्वागत किया गया।

देखें तस्वीरों में दशमेश गुरु का जन्मोत्सव

(नोट : सभी फोटो वरीय फोटोग्राफर जुलकर नैन के फेसबुक वाल से)