Mukhiyajee Reporter | Patna Team
सुख-समृद्धि, आरोग्य और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ चार दिनों तक चला लोक आस्था का महापर्व छठ सोमवार की भोर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इससे पहले रविवार की शाम, यानी सूर्य देव के प्रिय दिन, व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया था। राजधानी पटना के गंगा घाटों से लेकर गांव-गांव के तालाब, पोखर, नहर और नदियों तक, पूरे बिहार में रविवार की शाम से सोमवार की सुबह तक आस्था का सैलाब उमड़ता रहा। सोमवार की अहले सुबह अंधेरा रहते ही व्रती सिर पर दउरा और हाथ में सूप लिए घाटों की ओर चल पड़े। रास्ते भर छठी मईया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे और सूर्यदेव के जयकारे लगते रहे। पानी में कमर तक खड़ी व्रतियों ने जैसे ही पूरब से सूरज की पहली किरण देखी, हजारों हाथ एक साथ अर्घ्य के लिए उठ गए। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत पूरा हुआ। इसके बाद व्रतियों ने एक-दूसरे को प्रसाद और ठेकुआ बांटकर पर्व की खुशी साझा की। रविवार की शाम भी घाटों का नजारा ऐसा ही था। जैसे-जैसे सूरज ढलता गया, घाटों पर भक्ति का रंग गहराता गया और सूर्य की आखिरी किरण के साथ पूरा वातावरण जयकारों से गूंज उठा। कई घरों में इसी रात कोसी भराई की परंपरा भी निभायी गयी, जिसके बाद परिवार के लोग रातभर जागकर छठी मईया की आराधना करते रहे।



मकेर में डाला ले जाते मुखिया प्रदेश संघ के अध्यक्ष मिथिलेश राय।

सूर्यदेव को अर्घ्य देते राजद नेत्री सीमा कुशवाहा

पटना के फुलवारीशरीफ में अर्घ्य का नजारा।



गंगा किनारे बसे जिलों से लेकर तालाब-पोखरों के गांवों तक, पूरे बिहार में आस्था का एक ही रंग दिखा। बक्सर, आरा, सारण, वैशाली, मुंगेर और भागलपुर में गंगा के घाटों पर व्रतियों की लंबी कतारें लगीं। मिथिलांचल के दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में पोखरों के किनारे मैथिली छठ गीत गूंजते रहे। मगध क्षेत्र के गया और औरंगाबाद में नदी, तालाब और नहरों के घाट रोशनी से सजे रहे। वहीं सीमांचल और कोसी क्षेत्र के पूर्णिया, कटिहार और सुपौल जैसे जिलों में भी व्रतियों ने जल में उतरकर सूर्य को अर्घ्य दिया। मुजफ्फरपुर, सीवान, गोपालगंज और चंपारण के गांव-गांव में भी हर तालाब और पोखर पर छठ की छटा देखने लायक रही। बिहार के प्रसिद्ध सूर्य धामों में भी आस्था का खास रंग दिखा। औरंगाबाद का देव सूर्य मंदिर, जिसे देवार्क भी कहते हैं, छठ का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता है। पश्चिममुखी इस पुराने मंदिर में सात घोड़ों के रथ पर सवार सूर्य देव की प्रतिमा है, और मान्यता है कि यहीं सूर्यकुंड से छठ पूजा की शुरुआत हुई। हर साल कार्तिक छठ पर यहां लाखों श्रद्धालु अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इसी तरह पटना जिले के दुल्हिन बाजार के पास पालीगंज के उलार गांव में स्थित उलार सूर्य मंदिर, यानी ओलार्क, भी लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मान्यता है कि द्वापर युग में भगवान कृष्ण के पुत्र राजा साम्ब ने कुष्ठ रोग से मुक्ति के लिए इसे बनवाया था। मंदिर से करीब सौ फीट दूर तीन एकड़ में फैले तालाब पर छठ के दिन श्रद्धालु अर्घ्य देते हैं। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से पूजा करने पर निरोगी काया और संतान सुख मिलता है, और मन्नत पूरी होने पर परिसर में नेटुआ और जट-जटिन नृत्य कराने की पुरानी परंपरा भी है। दोनों धामों पर प्रशासन ने सीसीटीवी, बैरिकेडिंग और पुलिस बल के साथ सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।

पटना के वरीय पत्रकार अजीत कुमार की रिपोर्ट के अनुसार राजधानी पटना में छठ की रौनक सबसे अलग रही। गंगा किनारे मरीन ड्राइव, एनआईटी घाट, गायघाट, कलेक्ट्रेट घाट, गांधी घाट, पहलवान घाट, गुलबी घाट, चौधरी टोला घाट, पथरी घाट, भद्र घाट और महावीर घाट पर रविवार की शाम और सोमवार की भोर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। घाटों पर रोशनी, साफ-सफाई और सजावट का खास इंतजाम दिखा। पटना से सटे फुलवारी शरीफ, संपतचक, खगौल, बेऊर, जानीपुर, गौरीचक, परसा बाजार और पुनपुन नदी के घाटों पर भी शाम और सुबह जनसैलाब उमड़ा। फुलवारी शरीफ के शिव मंदिर घाट पर सांस्कृतिक झांकियां सजी थीं, तो खगौल की बड़ी सोन नहर के घाट पर भी खूब चहल-पहल रही। संपतचक नगर परिषद क्षेत्र में तीस से अधिक घाटों पर पूजा हुई। परिषद अध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा के हर जरूरी इंतजाम किए गए थे और लगातार उनकी निगरानी होती रही। जहां नदी, तालाब या सार्वजनिक घाट नहीं थे, वहां लोगों ने अस्थायी तालाब बनाए और कई जगह घरों की छतों पर कृत्रिम तालाब तैयार कर सूर्य को अर्घ्य दिया। सुरक्षा के लिहाज से भी पर्व शांतिपूर्ण रहा। पटना के प्रमुख घाटों पर रैपिड एक्शन फोर्स के जवान तैनात थे और स्थानीय पुलिस लगातार गश्त करती रही। डीएसपी, थानाध्यक्ष और प्रशासनिक अधिकारी घाटों का जायजा लेते रहे। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाए गए थे, जबकि नदी और गहरे जलाशयों पर गोताखोरों और बचाव दल की व्यवस्था की गई थी। पर्व से पहले विधायक श्याम रजक और सांसद डॉ मीसा भारती ने भी फुलवारी शरीफ क्षेत्र के कई घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की जानकारी ली थी।










