पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता प्रियदर्शी नहीं रहे, 43 की उम्र में थम गयी मुंगेर के पहले सांसद बनारसी बाबू के प्रपौत्र ‘पीडी भाई’ की कलम; आनेवाला था काव्य संग्रह

Mukhiyajee | Rajesh Thakur

जिस कवि ने लिखा था- ‘एक अदद ज़िंदगी में जाने कितनी बार मरता है आदमी’, वही कवि सोमवार की देर शाम हमेशा के लिए खामोश हो गया। पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता और हिंदी के संवेदनशील साहित्यकार प्रियदर्शी मातृशरण महज 43 वर्ष की उम्र में चल बसे। दोस्तों के बीच ‘पीडी भाई’ के नाम से मशहूर प्रियदर्शी के जाने की खबर जिसने सुनी, वह देर तक सन्न रह गया। किसी को यकीन ही नहीं हुआ कि जो शख्स कल तक कविताओं में जीवन के सवाल पूछ रहा था, आज खुद एक अनुत्तरित सवाल बनकर रह गया। वे घर के इकलौते वारिस थे और उनका जाना मानो केवल एक बहाना हो गया। यह कैसी विडंबना है कि जिस कलम ने मौत को इतनी बारीकी से टटोला, वही कलम इतनी जल्दी थम गयी। उन्होंने लिखा था- ‘मर-मर कर जीता है, फिर भी मरने से डरता है आदमी।’ आज इन पंक्तियों को पढ़ते हुए दिल कांप जाता है। उन्होंने यह भी लिखा था- ‘घुट-घुट कर जीता है, तिल-तिल कर मरता है आदमी।’ शायद कवि ने अपने शब्दों में हम सबके हिस्से का दर्द पहले ही जी लिया था। और जब उन्होंने लिखा- ‘जिंदगी जिया नहीं जो जिंदगीभर भी, अमरता की ठाउँ घिस मरता है आदमी’, तो मानो हमें आगाह कर गए कि जीना असल में क्या होता है। अफसोस, खुद उन्हें जीने के लिए बहुत कम वक्त मिला।

युवा साहित्यकार नीलोत्पल मृणाल और पत्रकार राजेश ठाकुर के साथ कवि व अधिवक्ता प्रियदर्शी जी (परपल कलर शर्ट)

पेशे से अधिवक्ता-कवि प्रियदर्शी कानून के गहरे जानकार थे और दिल से विशुद्ध साहित्यकार। वे उन विरले लोगों में थे, जिन्होंने दोनों दुनिया को एक साथ साधा। आकाशवाणी पटना पर जब वे कानून की बात रखते, तो मर्यादा और स्पष्टता झलकती। साहित्यिक मंचों पर जब वे कविता पढ़ते, तो उतनी ही शालीनता से शब्दों की खेती करते। फेसबुक पर उन्होंने खुद को ‘कानून और साहित्य के बीच झूलता हुआ’ बताया था। इस झूलने में कोई द्वंद्व नहीं था, एक संतुलन था, जो हर किसी को नसीब नहीं होता। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उनकी रचनाएं और कविता पाठ के वीडियो आज भी मौजूद हैं, मगर अब वह आवाज किसी मंच से नहीं गूंजेगी। पटना में रहकर भी उनका मन गांव में ही बसा रहा। ‘गांव-शहर’ कविता में उन्होंने लिखा- ‘मेरा गांव शहर के करीब होता, शहर हो जाता, मेरा गांव शहर से दूर है बहुत, वीरां हो गया है।’ इस एक पंक्ति में गांव की तड़प भी है और बिछोह भी। उन्होंने शहर के तिलिस्म को पहचाना था, जिसने गरम रोटी पर लगे कड़वे तेल की सौंधी झांस तक को बेस्वाद ठहरा दिया। उन्हें पीड़ा थी कि ग्रामीण अपने ही शीतल छप्परों में छिद्र देखने लगे हैं और अपनी पहचान शहर की कोठरियों में तलाशने लगे हैं। कविता का अंत पढ़कर आंखें नम हो जाती हैं- ‘कुछ गांव खाली हुए, कुछ तो शहर ही हो गए, कुछ बैठे ऊंघ रहे हैं अभी, बमुश्किल रौशन किसी चौपाल पर कहीं।’ आज वही गांव, वही चौपाल और वही मिट्टी अपने इस बेटे के लिए सूनी हो गयी है। प्रियदर्शी की सबसे बड़ी पहचान शालीनता थी। वे मुंगेर के पहले सांसद बनारसी सिंह के परपोते थे, पर इसका घमंड उन्हें छू तक नहीं गया। उनके चाचा समीर सिंह कांग्रेस के विधान पार्षद रह चुके हैं और पिता शिशिर सिंह प्रोफेसर पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। दादा राजेंद्र बाबू बिहार सरकार में मंत्री रहे थे। मूल रूप से वे मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर के रहने वाले थे। इतनी बड़ी विरासत के बावजूद उनकी सादगी ऐसी थी कि मिलने वाला हर शख्स उन्हें अपना ही मान बैठता। मेरा घर खड़गपुर मुख्यालय में है तो उनका मिलकी गांव में। संयोगवश इसी 7 नवंबर को मैं उनके गांव मिलकी गया था। उनके दादा जी बनारसी बाबू की जयंती थी। उस दिन भी उनके कार्यों की चर्चा हुई थी।

उनसे मेरी पहली मुलाकात वर्ष 2023 में पटना पुस्तक मेले में हुई थी। तब मैं देश के ख्यातिलब्ध युवा साहित्यकार नीलोत्पल मृणाल के साथ बात कर फोटो खिंचवा रहा था, चूंकि वे भी मुंगेर के ही हैं। तब बगल में खड़े वकील साहब ने कहा कि हमें भी फोटो में शामिल कर लीजिए, क्योंकि मैं भी मुंगेर का ही हूँ। जब उनसे बातचीत शुरू हुई तो पता चला कि वे भी हवेली खड़गपुर के हैं और समीर सिंह के भतीजे हैं। उसी क्षण दोनों के बीच अपनेपन का रिश्ता जुड़ गया। फिर हर पुस्तक मेले में उनसे मुलाकातें होती रहीं। मेरे मुखियाजी डॉट कॉम, मुखियाजी ईपेपर सहित कई प्रोजेक्ट्स पर चर्चा हुई। पिछले पुस्तक मेला में उनका कविता पाठ सुनने का सौभाग्य मिला और उनकी बाइक पर गांधी मैदान से डाकबंगला चौराहा तक साथ चलने का भी। उस छोटे से सफर में कौन जानता था कि यादों की इतनी बड़ी पूंजी जमा हो रही है। उम्मीद थी कि अगले माह दिसंबर में लगने वाले पुस्तक मेले में फिर मिलेंगे, किताबों के मेले के बीच फिर उनसे कविताएं सुनेंगे, लेकिन अब वह मुलाकात कभी नहीं होगी। प्रियदर्शी मातृशरण सदा के लिए चले गए, पर उनके शब्द कहीं नहीं गए। वे हर उस पाठक के भीतर जिएंगे, जो कभी अपने गांव को याद कर भावुक होगा, और हर उस दिल में धड़केंगे, जो जिंदगी और मौत के बीच के सवालों से जूझेगा। कवि की देह भले मिट गयी हो, उसकी पंक्तियां अमर रहेंगी। शब्दों के इस साधक को विनम्र श्रद्धांजलि। 🙏