Mukhiyajee Reporter | Patna
तारापुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय भाजपा नेता सकलदेव बिंद इन दिनों बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। यहां 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना है। 28 जुलाई तक चुनाव प्रचार का समय निर्धारित है। यहां से भाजपा ने बूथ अध्यक्ष व सामाजिक स्तर पर गरीब कार्यकर्ता नीरज सिन्हा को टिकट दिया है। यह सीट नितिन नवीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा जाने की वजह से खाली हुई है। उनके लिए भाजपा के मंत्री-विधायक, सांसद से लेकर बूथ अध्यक्ष व मंडल प्रभारी तक उनके लिए लगे हुए हैं। इन सबके बीच बिंद समाज से आने वाले सकलदेव बिंद अपने जाति के साथ ही अतिपिछड़ा समाज के मतदाताओं के बीच कैंपेन चलाकर नीरज सिन्हा के लिए वोट मांग रहे हैं।

सकलदेव बिंद ने मुखियाजी डॉट कॉम से बात करते हुए कहा कि बांकीपुर में नीरज सिन्हा की जीत तो तय है। यहां से उनकी न केवल एकतरफा जीत होगी, बल्कि 2025 के भी जीत के अंतर का रिकॉर्ड तोड़ देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा नीरज सिन्हा की जीत के लिए मेहनत नहीं कर रही है, बल्कि प्रशांत किशोर को जमानत जब्त कराने के प्रचार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के संदेश को वे लोग घर-घर पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज बनकर उनके हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ना पार्टी की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में अतिपिछड़ा समाज के 35 से 40 हजार वोटर्स हैं। इस समाज का शत-प्रतिशत वोट भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा को मिलेगा। उन्होंने जनसुराज और राजद सहित विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि सभी की जमानत जब्त हो जाएगी। उन्होंने खासकर प्रशांत किशोर को बहुरुपिया हैं। उन्होंने 2025 के चुनाव में प्रत्याशी रजिस्ट्रेशन से लेकर जॉब कार्ड तक के नाम हजारों लोगों से करोड़ों रुपये की उगाही कर ली। उस चुनाव के बाद फिर इस उपचुनाव में लूटने आए हैं। यही वजह है कि आज जनसुराज के लोग भाग-भाग कर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में अब तक कितने ही दिग्गज नेता अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए।
सकलदेव बिंद ने कहा कि सेवा, समर्पण और विश्वास के बल पर ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। सामाजिक समरसता, संगठन की मजबूती और सर्वसमावेशी विकास के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ना ही उनके सार्वजनिक जीवन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसमर्थन और विश्वास के बल पर समाज सेवा का यह अभियान आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आज पिछड़ा – अतिपिछड़ा समाज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पूरी तरह सुरक्षित है। बता दें कि सकलदेव बिंद तारापुर विधानसभा क्षेत्र से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया था। तब मुकेश सहनी ने इनके साथ धोखा देकर टिकट दूसरे को दे दिया। इससे ये खुद को अपमानित महसूस करने लगे और इन्होंने सम्राट चौधरी के पक्ष में अपना नामांकन वापस लेते हुए भाजपा का दामन थाम लिया और तब से समर्पित होकर पार्टी के कार्यों में लगे रहते हैं। अभी सकलदेव बिंद बांकीपुर उपचुनाव में घूम-घूम कर पिछड़े-अतिपिछड़े मतदाताओं के बीच भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा के लिए वोट मांग रहे हैं।





