Mukhiyajee Reporter | Patna
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इंटरमीडिएट-मैट्रिक वार्षिक परीक्षा, 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए सेंटअप परीक्षा का कार्यक्रम आज सोमवार को जारी कर दिया है। समिति के प्रेस नोट के अनुसार इंटरमीडिएट की सैद्धांतिक परीक्षा 19 से 28 नवंबर 2026 तक होगी, जबकि प्रायोगिक परीक्षा 30 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक ली जाएगी। मैट्रिक की सैद्धांतिक परीक्षा 23 से 27 नवंबर तक और प्रायोगिक परीक्षा 28 नवंबर 2026 को होगी। इंटरमीडिएट की परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। दोनों पालियों में परीक्षा शुरू होने से पहले 15 मिनट का ‘कूल ऑफ’ समय मिलेगा।



बिहार बोर्ड के अनुसार, 19 नवंबर को पहली पाली में भौतिकी, दर्शनशास्त्र, उद्यमिता और वोकेशनल का फाउंडेशन कोर्स होगा। दूसरी पाली में राजनीति शास्त्र, लेखाशास्त्र, रसायन विज्ञान और वोकेशनल का ट्रेड पेपर-1 होगा। 20 नवंबर को पहली पाली में गणित और वोकेशनल का ट्रेड पेपर-2 होगा। दूसरी पाली में भूगोल, जीव विज्ञान और व्यवसाय अध्ययन की परीक्षा होगी। 21 नवंबर को पहली पाली में सभी संकायों की अंग्रेजी होगी। दूसरी पाली में उर्दू, मैथिली, संस्कृत, प्राकृत, मगही, भोजपुरी, अरबी, फारसी, पाली और बांग्ला जैसे भाषा विषयों की परीक्षा होगी। इसी तरह, 23 नवंबर को पहली पाली में सभी संकायों की हिंदी की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में अतिरिक्त विषय के रूप में चुने गए भाषा विषयों के साथ कंप्यूटर साइंस, मल्टीमीडिया एंड वेब टेक्नोलॉजी और योग एवं शारीरिक शिक्षा की परीक्षा होगी। इसी पाली में वोकेशनल के भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान, गणित, कृषि, इतिहास, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान और संगीत जैसे विषय भी होंगे। 25 नवंबर को पहली पाली में कृषि और अर्थशास्त्र तथा दूसरी पाली में मनोविज्ञान की परीक्षा है। 26 नवंबर को समाजशास्त्र (प्रथम पाली) और संगीत (द्वितीय पाली), जबकि 27 नवंबर को इतिहास (प्रथम पाली) और गृह विज्ञान (द्वितीय पाली) की परीक्षा होगी। अंतिम दिन 28 नवंबर को प्रथम पाली में सिक्योरिटी, ब्यूटीशियन, टूरिज्म, रिटेल मैनेजमेंट, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर, ब्यूटी एंड वेलनेस, टेलीकॉम और आईटी/आईटीईएस की परीक्षा होगी।



बिहार बोर्ड ने यह भी जानकारी दी है कि मैट्रिक की परीक्षा 23 नवंबर से शुरू होगी। उस दिन प्रथम पाली (सुबह 9:30 से दोपहर 12:45 बजे तक) में मातृभाषा (हिंदी, बंगला, उर्दू और मैथिली) की परीक्षा होगी। द्वितीय पाली (दोपहर 2:00 से शाम 5:15 बजे तक) में द्वितीय भारतीय भाषा (संस्कृत, हिंदी, अरबी, फारसी और भोजपुरी) की परीक्षा होगी। 25 नवंबर को विज्ञान की परीक्षा सुबह 9:30 से दोपहर 12:15 बजे तक और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा दोपहर 2:00 से शाम 4:45 बजे तक होगी। इसी दिन प्रथम पाली में संगीत (125) की परीक्षा केवल दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए सुबह 9:30 से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। 26 नवंबर को प्रथम पाली में गणित की परीक्षा सुबह 9:30 से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली में अंग्रेजी (सामान्य) की परीक्षा दोपहर 2:00 से शाम 5:15 बजे तक होगी। उसी दिन गृह विज्ञान (126) की परीक्षा भी केवल दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए प्रथम पाली में सुबह 9:30 से दोपहर 12:45 बजे तक होगी।

27 नवंबर को प्रथम पाली में उच्च गणित, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, फारसी, संस्कृत, अरबी और मैथिली जैसे ऐच्छिक विषयों की परीक्षा सुबह 9:30 से दोपहर 12:45 बजे तक होगी। ललित कला, गृह विज्ञान, नृत्य और संगीत की परीक्षा भी इसी पाली में होगी, लेकिन इनका समय सुबह 9:30 से दोपहर 12:15 बजे तक रखा गया है। द्वितीय पाली में दोपहर 2:00 से शाम 5:15 बजे तक सुरक्षा, ब्यूटीशियन, टूरिज्म, रिटेल मैनेजमेंट, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर, ब्यूटी एंड वेलनेस, टेलीकॉम और आईटी/आईटीईएस जैसे व्यावसायिक ट्रेड की परीक्षा होगी। बहरहाल, मैट्रिक की प्रायोगिक परीक्षा 28 नवंबर को होगी। प्रथम पाली में ललित कला, गृह विज्ञान, नृत्य और संगीत (दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए संगीत सहित) की प्रायोगिक परीक्षा होगी। द्वितीय पाली में व्यावसायिक ट्रेड की प्रायोगिक परीक्षा होगी। मैट्रिक की दोनों पालियों में 15 मिनट का आरंभिक समय परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने और समझने के लिए दिया गया है। स्पास्टिक, दृष्टिबाधित और ऐसे दिव्यांग परीक्षार्थी, जो स्वयं लिखने में असमर्थ हैं, उन्हें लेखक रखने की अनुमति होगी। उन्हें निर्धारित समय के अतिरिक्त प्रति घंटे 20 मिनट अधिक समय क्षतिपूर्ति के रूप में दिया जाएगा। बिहार बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि दोनों परीक्षाओं में पूर्ववर्ती (Ex.), कंपार्टमेंटल और समुन्नत (Improvement) कोटि के विद्यार्थियों को सेंटअप परीक्षा में शामिल नहीं होना है। सेंटअप परीक्षा में अनुपस्थित रहने या अनुत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा।





