आप प्रमुख पर बरसे सम्राट चौधरी, कहा- केजरीवाल पूर्वांचल के लोगों को बार-बार कर रहे हैं अपमानित, रोहिंग्या पर भी बोले

PATNA (MR) : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार (10 जनवरी) को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री व आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर खूब बरसे। पूर्वांचल के लोगों को अपमानित करने को लेकर उन्हें आड़े हाथों लिया। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि केजरीवाल पूर्वांचल के लोगों को बार-बार अपमानित करने का काम कर रहे हैं। बिहार और यूपी के लोग कभी भी किसी का बोझ नहीं बनते हैं, बल्कि जिनके साथ ये लोग होते हैं, उनका सौभाग्य होता है।

पटना में भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि यह वही केजरीवाल हैं, जो कहा करते थे कि बिहार के लोग 500 का टिकट कटवा कर दिल्ली इलाज के लिए पहुंच जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली में कुल मतदाताओं की संख्या पटना की आबादी के बराबर है। आज बिहार में एक करोड़ 21 लाख लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयुष्मान योजना के तहत कार्ड दिया गया है और उनका मुफ्त इलाज करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये वही केजरीवाल हैं जिन्होंने राजद अध्यक्ष लालू यादव को भ्रष्टाचारी और अपराधी कहा था और आज उन्हीं का परिवार केजरीवाल की गोद में खेल रहा है। दूसरी ओर कांग्रेस है जिसने लालू यादव को परमानेंट जेल के अंदर रखने की व्यवस्था कर दी।

श्री चौधरी ने जोर देकर कहा कि केजरीवाल 13 साल तक दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे और लोगों को गुमराह करने का काम किया। वे भ्रष्टाचार चला रहे हैं और शीशमहल स्थापित किया। इसके अलावा बिहार और यूपी के लोगों को बदनाम किया। उन्होंने कहा कि बिहार और यूपी के लोग टैलेंटेड होते हैं और किसी पर बोझ नहीं होते। ये जिनके साथ खड़े होते हैं, वह उनका सौभाग्य होता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव में पूर्वांचल के लोग दिल्ली के पूर्व सीएम केजरीवाल से अपमान का बदला लेंगे और सत्ता से हटाएंगे।

बिहार के उपमुख्यमंत्री ने राजद अध्यक्ष लालू यादव से भी सवाल पूछा कि दिल्ली चुनाव में वे किसके साथ खड़े हैं? केजरीवाल की पार्टी रोहिंग्याओं का नाम मतदाता सूची में जोड़वाना चाहती है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि देश के विरोधियों का नाम किसी हाल में चुनाव आयोग को मतदाता सूची में नहीं जोड़ना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में पूर्वांचल के लोगों को अपमानित करने वालों से न केवल बिहार और यूपी के मतदाता इस अपमान का बदला लेंगे, बल्कि उनके साथ रहने वाले नेताओं से भी चुनाव में बदला लिया जाएगा। प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अमित प्रकाश बबलु, सुनील सेवक, प्रभात कुमार, प्रवीण कुमार उपस्थित रहे।