नीतीश से लेकर निशांत तक पर खुलकर बोले सम्राट चौधरी, लालू और तेजस्वी को भी दिया करारा जवाब

PATNA (DESK REPORT) : बिहार में होली के मूड से अब नेताजी बाहर निकलकर चुनावी मोड में आ गए हैं। विधानसभा का चुनाव होने में लगभग 6 से 7 माह बचे हैं। ऐसे में बड़े से लेकर छोटे तक राजनीतिक दल एक ओर अपनी उपलब्धियां बता रहे हैं तो दूसरी ओर विरोधियों को कठघरे में भी खड़ा कर रहे हैं। इसी कड़ी में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सीएम नीतीश कुमार से लेकर उनके पुत्र निशांत कुमार तक पर खुलकर बोले। उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू यादव और राजद को जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने नीतीश कुमार को बीमार और बिहार सरकार को खटारा बताने वाले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी आड़े हाथों लिया।

विकास में तेजस्वी की कोई भूमिका नहीं
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मीडिया हाउस से विशेष बातचीत में कहा कि बिहार के विकास के लिए नीतीश कुमार बहुत जरूरी हैं। राष्ट्रीय जनता दल पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में तेजस्वी यादव की कोई भूमिका नहीं है। बिहार सरकार को खटारा और नीतीश कुमार को बीमार बताने पर उन्होंने कहा कि वो (तेजस्वी यादव) अपने पिता के कार्यकाल पर कुछ नहीं बोलते हैं, जिन्होंने राज्य को खटारा बनाया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि नीतीश कुमार आज भी विकास को लेकर काफी एक्टिव हैं। वे कितने स्वस्थ हैं, इसका अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि उन्होंने दो माह में बिहार के सभी 38 जिलों का दौरा किया।

50 हजार करोड़ की योजनाएं स्वीकृत
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान 50 हजार करोड़ की राशि विकास योजनाओं के लिए स्वीकृत की। उन्होंने 4 फरवरी को हुई कैबिनेट मीटिंग में 127 तो 25 फरवरी को हुई कैबिनेट मीटिंग में 122 योजनाओं पर स्वीकृति की मुहर भी लगा दी। इतना ही नहीं, राज्य सरकार के स्तर से भी लगभग 430 योजनाओं को मंजूरी दी गयी है। उन्होंने कहा, विकास कार्यों में वो हमेशा आगे रहते हैं। विपक्ष निराधार आरोप लगा रहा है। वो हमेशा नेताओं से मिलते हैं और उनके बारे में पूछते रहते हैं। यहां तक कि मुख्यमंत्री अपने सभी मंत्रियों और विधायकों को फोन कर विकास योजनाओं की जानकारी भी लेते हैं।

निशांत पर फैसला नीतीश कुमार करेंगे
इन दिनों बिहार में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर बिहार के सियासी गलियारे में हलचल मचा हुआ है। इसे लेकर नेताओं के बीच विवाद भी छिड़ा हुआ है। पॉलिटिकल प्लेटफॉर्म पर बहस भी चल रही है। सम्राट चौधरी ने इसे लेकर तेजस्वी यादव के आरोप को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार के राजनीति में आने का फैसला या तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे या निशांत कुमार स्वयं लेंगे। इससे बीजेपी का कोई लेना-देना नहीं है। बता दें कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर निशांत को राजनीति में धकेलने का आरोप लगाया है।

बीजेपी-जदयू गठबंधन पर बोले
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में बीजेपी-जेडीयू गठबंधन पर उठ रहे सवाल पर भी बोले। उन्होंने कहा कि हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन का फैसला शीर्ष नेतृत्व करता है। इसमें बिहार का कोई रोल नहीं होता है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है। हमें सूबे में विकास कार्य को और अधिक बढ़ाना है और जंगलराज को आने से रोकना है। उन्होंने विरोधियों पर हमला करते हुए कहा कि राजद ने अपने कार्यकाल में बिहार को बर्बाद और तबाह किया है। नीतीश कुमार जब सत्ता में आए तो उन्होंने राज्य को एक अलग दिशा दी है। विकास को बढ़ाया है। हर आयाम में काम किया है।

नीतीश के ही नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे
सम्राट चौधरी ने मीडिया हाउस को दिए गए लंबे इंटरव्यू में जोर देकर कहा कि हमलोग नीतीश कुमार के नेतृ्त्व में ही चुनाव लड़ेंगे। जहां तक नीतीश कुमार से गठबंधन का सवाल है तो कल भी नीतीश थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सीटें जब ज्यादा आयी थीं, तब भी हमने नीतीश कुमार को ही सीएम बनाया था। आगे भी यही जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि एनडीए ने बिहार में शानदार काम किया है और सीट शेयरिंग को लेकर सभी दल काम करते रहेंगे।