PATNA (MR) : राष्ट्रपति रामनाथ  कोविंद आज बुधवार को दोपहर में बिहार पहुंचे। राष्ट्रपति बनने के बाद वे दूसरी बार बिहार आए हैं। पटना एयरपोर्ट पर राज्यपाल फागू चौहान ने बुके देकर स्वागत किया। राज्यपाल के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी स्वागत किया। इनके अलावा बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा तथा बिहार विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी स्वागत किया। 

पटना एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का अभिवादन करते राज्यपाल फागू चौहान।

राष्ट्रपति के स्वागत करने वालों में उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, उपाध्यक्ष बिहार विधानसभा महेश्वर हजारी, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, कृषि मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डे, उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री रामप्रीत पासवान, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज कुमार सिंह, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार, श्रम संसाधान मंत्री जिवेश कुमार, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री आलोक रंजन, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू सहित अन्य जन प्रतिनिधि शामिल रहे। 

राष्ट्रपति का विशेष विमान पटना एयरपोर्ट पर 12.56 बजे लैंड किया। 1.12 बजे राष्ट्रपति का काफिला एयरपोर्ट से निकला और 1.17 बजे वो राजभवन पहुंच गए। एयरपोर्ट से जैसे ही राष्ट्रपति का काफिला राजभवन के लिए निकला, संबंधित रोड पर ट्रैफिक रोक दी गई। पटना एयरपोर्ट के सामने मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ की सड़क को आम लोगों के लिए बंद करा दिया गया था। 

राष्ट्रपति बनने के बाद रामनाथ कोविंद चौथी बार पटना आए हैं। कल 21 अक्टूबर को वे विधानसभा के शताब्दी समारोह में भाग लेंगे। 22 अक्टूबर की सुबह वह पटना घूमने निकलेंगे। वो अपने दौरे के दौरान पटना साहिब गुरुद्वारा और महावीर मंदिर भी जाएंगे। 22 अक्टूबर को बुद्ध स्मृति पार्क जाने का कार्यक्रम है। सुबह 9 बजे वह बुद्ध स्मृति पार्क पहुंचेंगे। राष्ट्रपति 22 अक्टूबर की सुबह 11 बजे तक पटना में रहेंगे। इसके बाद विशेष विमान से दिल्ली लौट जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here