Mukhiyajee Reporter | Patna
राष्ट्रगान के साथ गयाजी के बिपार्ड में प्रबोधन कार्यक्रम शुरू, विधायी कार्यों के विविध पहलुओं से अवगत होंगे विधानसभा के सदस्य। यह कार्यक्रम कल 12 जुलाई तक चलेगा। इसका उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किया, जबकि इस उद्घाटन समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन ( सेवानिवृत ), विस अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना, बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह सहित अनेक मंत्रीगण एवं माननीय शामिल हुए हैं।
कल ही निरीक्षण के बाद अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने मीडिया को बताया था कि बिहार विधान सभा सचिवालय, प्राईड ( लोक सभा ) एवं बिपार्ड ( बिहार सरकार ) के संयुक्त तत्वावधान में बिपार्ड, गया जी कैंपस में यह ‘प्रबोधन कार्यक्रम’ आयोजित किया जा रहा है। प्रबोधन कार्यक्रम का उद्देश्य नवनिर्वाचित सदस्यों को संसदीय परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं, संसदीय शिष्टाचार तथा जनहित से जुड़े विषयों की गहन जानकारी उपलब्ध कराना है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह कार्यक्रम सदन की कार्यवाही को अधिक प्रभावी, सार्थक एवं गरिमामय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधि के रूप में विधायकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में प्रबोधन कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव न केवल सदन में उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करेगा, बल्कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप बेहतर जनसेवा करने में भी सहायक सिद्ध होगा। सारे सदस्य बिहार विधान सभा की गौरवशाली परंपरा को और अधिक सुदृढ़ बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें।






