खड़गपुर झील पर युवाओं ने दिया बड़ा संदेश, कहा- पर्यटन स्थल को साफ रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी


Mukhiyajee Reporter | Patna

ऐतिहासिक और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध खड़गपुर झील शनिवार को केवल पर्यटकों की चहल-पहल का केंद्र नहीं रही, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और जनजागरूकता का भी प्रतीक बन गयी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर परिषद् के कार्यकर्ताओं ने झील परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर यह संदेश दिया कि विरासत और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता केवल सरकारी एजेंसियों की जिम्मेदारी के साथ हर नागरिक का भी नैतिक दायित्व है। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने झील परिसर और उसके आसपास फैली प्लास्टिक, पॉलीथिन, पानी की बोतलों, कागज तथा अन्य कचरे को एकत्रित कर पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई की। उन्होंने मीडिया के जरिए स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों से अपील की कि वे घूमने आएं, प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लें, लेकिन अपनी यादों के साथ कचरा भी वापस ले जाएं। पर्यटन स्थल पर फैली गंदगी केवल पर्यावरण को ही नहीं, शहर की पहचान और संस्कृति को भी प्रभावित करती है।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की पहचान है। केवल सरकारी अभियान चलाने से शहर और पर्यटन स्थल स्वच्छ नहीं बनेंगे। जब तक आम नागरिक, युवा, सामाजिक संगठन और जनप्रतिनिधि मिलकर जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे, तब तक स्वच्छ भारत का सपना अधूरा रहेगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद् शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन को भी उतना ही महत्वपूर्ण मानती है और आगे भी ऐसे जनहित के अभियान चलाती रहेगी। दरअसल, खड़गपुर झील सिर्फ एक जलाशय नहीं है, यह नगर की ऐतिहासिक धरोहर और प्रमुख पर्यटन स्थल है। इसका निर्माण दरभंगा महाराज ने 1875 में तैयार कराया था। 1967 के भयंकर आकाल में भी इस झील की वजह से खड़गपुर को किसी तरह की समस्या नहीं हुई थी। हर वर्ष यहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से भी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यदि लोग स्वयं स्वच्छता का संकल्प लें, तो यह स्थल न केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखेगा, बल्कि पर्यटकों के लिए भी और अधिक आकर्षण का केंद्र बनेगा।

बहरहाल, यह अभियान समाज और विशेषकर युवाओं के लिए भी प्रेरणा का संदेश छोड़ गया। जिस उम्र में अक्सर युवा सोशल मीडिया और मनोरंजन तक सीमित रहने के आरोप झेलते हैं, उसी उम्र के इन विद्यार्थियों ने हाथों में झाड़ू और कचरे की थैलियां उठाकर यह साबित किया कि राष्ट्र निर्माण केवल भाषणों से नहीं, बल्कि छोटे-छोटे सामाजिक कार्यों से भी होता है। यह संदेश जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और हर उस व्यक्ति के लिए भी है, जो सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल प्रशासन पर छोड़ देता है। अभियान के अंत में कार्यकर्ताओं ने भविष्य में भी नियमित रूप से जनजागरूकता और सेवा कार्य चलाने का संकल्प लिया। इस दौरान झील पर मौजूद लोगों ने भी एबीवीपी के प्रयास की सराहना करते हुए स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सौरव झा, नगर मंत्री आर्यन केशरी, अंकित जायसवाल, राजीव आनंद, नगर सह मंत्री सुभाष कुमार, नगर सोशल मीडिया प्रमुख शिवम केशरी, रोबिन कुमार तथा सौरव कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।