Monsoon Update Bihar : बिहार में 13 वर्षों बाद समय से पहले आया मॉनसून, किसानों में जगी उम्मीद

PATNA (MR) : बिहार में मॉनसून ने एंट्री कर ली है। मॉनसून ने इस बार 13 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा है। दरअसल मॉनसून के बिहार पहुंचने की 13 जून मानक तिथि है। लेकिन हर साल किसी न किसी कारण से इसमें दो-तीन दिनों और कभी-कभी सप्ताह भर का विलंब हो ही जाता है। किंतु इस बार 12 जून को ही मॉनसून पहुंच गया है। 

मौसम विभाग की मानें तो इस बार मॉनसून की एंट्री की तरह उसकी बारिश भी रिकॉर्ड बना सकती है। मॉनसून के समय पर आने से इस बार किसानों के चेहरों पर रौनक देखी जा रही है। किसान काफी खुश हैं। शस्य विशेषज्ञों ने भी इस बार अच्छे पैदावार की उम्मीद जताई है। 

दरअसल, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने शनिवार को अपराह्न बाद सूबे में एंट्री की। 12 जून को ही पूर्णिया के रास्ते दरभंगा तक मॉनसून की रेखा एक्टिव हो गई। देर रात तक इसे पूरे राज्य में कवर कर लिया। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। पूर्व बिहार के जिलों में भी अच्छी बारिश हो रही है। 

मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मॉनसून ने 13 वर्षों का रिकॉर्ड ब्रेक किया है। इससे पहले 2008 में समय से पहले बिहार में मॉनसून आया था। 2008 में मॉनसून पांच दिन पहले यानी 8 जून को आया था। बहरहाल, इस बार रिकॉर्ड बारिश की भविष्यवाणी से किसान काफी खुश हैं। अच्छी पैदावार की इस बार उम्मीद है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *