बाप रे बाप ! देह पर इतना सोना, मिलिए बिहार के गोल्डमैन से, देखेंगे तो देखते रह जाएंगे

PATNA (APP NEWS) : बिहार के गोल्डमैन के बारे में आपने अब तक सुना होगा। लेकिन आज हम यहां पर उनके बारे में बता रहे हैं। जो इस गोल्डमैन को पहली बार देखता है, वह भौंचक रह जाता है। दोनों हाथ, गला, में तो लगता है सोने पर सोने को लाद दिया गया है। ये जनाब हैं भोजपुर के रहने वाले के प्रेम सिंह। बिहार ही नहीं, अब तो ये देश भर में गोल्डमैन (Gold Man) के नाम से लोकप्रिय हो गए हैं। ये अपने शरीर पर 5 किलो सोना पहनते हैं। आज इसकी कीमत का अंदाजा आप खुद लगा सकते हैं। लगभग तीन करोड़ रुपये होते हैं। हालांकि दो साल पहले तक ये अपने शरीर पर एक समय में दो से ढाई किलो सोना पहनते थे। लेकिन आज शरीर के साथ ही सोने का भी वजन बढ़ता चला गया और यह सोने का वजन 5 किलो हो गया है।

दरअसल… हर किसी व्‍यक्‍ति के शौक अलग-अलग होते हैं। इससे उसकी खास पहचान होती है। सभी चाहते हैं, लोग उन्‍हें अनोखे तरीके से जानें और पहचानें। इसके लिए लोग कुछ भी कर गुजरते हैं। कुछ ऐसी ही कहानी है बिहार के गोल्ड मैन की। वैसे तो बिहार में लोग चोरी के भय से अपने घर में रखा 100 ग्राम सोना भी लॉकर में रखते हैं, लेकिन इसके विपरीत भोजपुर के मूल निवासी तथा पटना में रहने वाले लगभग 40 वर्षीय प्रेम सिंह 5 किलो सोने के जेवर पहनकर सड़क पर घूमते दिखते हैं। 1 मई को ये पटना के शादी समारोह में पहुंचे तो आम से लेकर खास तक इनके साथ सेल्फी खिंचाने लगे।

बता दें कि प्रेम सिंह पेशे से ठेकेदार हैं, और वह अपनी आय का एक बहुत बड़ा भाग जेवर खरीदने में खर्च कर देते हैं। प्रेम सिंह की माने तो जब वह 20 वर्ष के थे, उसी समय से उन्‍हें गोल्‍ड के आभूषण पहनने का शौक लग गया था। यह शौक उन्‍हें टीवी और न्‍यूज पेपर देखने के बाद आया। वह बताते हैं कि जब वह टीवी और न्यूज पेपर पर सोना पहने हुए लोगों को दखते थे, तो उनके मन में भी इसी तरह के दिखने का शौक जागा। जब वह करोड़ों के आभूषण पहनकर सड़कों पर निकलते हैं, तो लोग उन्‍हें गोल्‍डमैन कहकर पुकारते हैं।

प्रेम सिंह बताते हैं कि लोग उनके साथ सेल्फी लेने के लिए काफी उत्साहित रहते हैं। वे यह भी कहते हैं कि उनकी आय जैसे-जैसे बढ़ती जाएगी, उनके शरीर में सोने का वजन बढ़ता जाएगा। प्रेम सिंह जमींदारों की फैमिली से ताल्‍लुक रखते हैं, लेकिन यह करोड़ों का सोना उनकी खुद की मेहनत की कमाई का है। वह कहते हैं, दो साल पहले तक वह 2 किलो सोना पहनते थे और अब इसका वजन 5 किलो हो गया है। आगे सोने का वजन कितना बढ़ जाएगा, यह उन्‍हें भी नहीं पता है।

बताया जाता है कि उनके गले में लगभग दो दर्जन तो सोने की चेन हैं। हनुमान जी का बड़ा लॉकेट, हाथ में सोने के ब्रेसलेट और दोनों हाथों की 8 अंगुलियों में सोने की भारी भरकम अंगूठियां वे पहने हुए रहते हैं। अंगुठियों में हीरे के नग भी जड़े हुए रहते हैं। उनका एप्पल फोन भी गोल्ड प्लेटेड है। वे बताते हैं कि सबसे पहले उन्होंने हनुमान जी वाली लॉकेट खरीदी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *