बिहार: होमगार्ड जवान अपनी राइफल साफ कर रहा था, तभी गोली चल गई; मुखिया भाई जख्मी

MUZAFFARPUR (MR)। जाको राखो साइयां, मार सके न कोय… यह कहावत एक बार फिर चरितार्थ हो गई है। बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित मुशहरी की घटना है। होमगार्ड के जवान की राइफल से अचानक गोली चल गई। लोग कुछ समझ पाते तब तक सड़क पार कर गोली मुखिया राजहंस राय के भाई को लगते हुए निकल गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना सोमवार की है।

जानकारी के अनुसार, बैकपुर हाट के पास होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगी थी। जवान प्रमोद मिश्र अपनी राइफल ठीक कर रहे थे। इसी समय अचानक उससे फायर हो गया। इसकी आवाज सुनते ही आसपास के लोग सकते में आ गए। उधर, सड़क के दूसरी तरफ एक बर्तन की दुकान में बैठे मुखिया राजहंस राय के भाई किजन के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई। इससे वे जख्मी हो गए।

इस संबंध में मुशहरी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, एसआइ रंजीत कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपित होमगार्ड को अपने साथ थाने ले गए। थानेदार ने बताया कि उक्त जवान को हटाने के लिए उच्चाधिकारी को अवगत कराया जाएगा। बताया जाता है कि मुखिया के घर में मांगलिक कार्यक्रम है। इसी सिलसिले में वे समस्तीपुर गए थे। घटना की जानकारी पर वह आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *