Durga Puja 2026 : कोलकाता में सप्तमी की शाम दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़, 17 लोगों की मौत; करीब 40 घायल

Mukhiyajee Reporter | Kolkata

दुर्गापूजा की खुशियों के बीच शनिवार को सप्तमी की शाम कोलकाता में बड़ा हादसा हो गया। उत्तर कोलकाता के चोरबागान स्थित सार्वजनीन पूजा पंडाल में भीड़ के दबाव के कारण भगदड़ जैसे हालात बन गए। इस हादसे में प्रारम्भिक रिपोर्ट के अनुसार 17 लोगों की मौत हो गयी है, जबकि करीब 40 लोग घायल हुए है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। बताया जाता है कि भीड़ के दबाव में पंडाल का एक हिस्सा भी ढह गया। कोलकाता पुलिस के मुताबिक, बारिश के दौरान भारी भीड़ जमा होने के कारण चोरबागान के शारदा पार्क पूजा पंडाल के एग्जिट गेट पर भगदड़ मच गयी। यह घटना आज शाम करीब 7.40 बजे गिरिश पार्क थाना क्षेत्र में हुई। हादसे के तुरंत बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग बेहोश हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कंट्रोल रूम, फायर ब्रिगेड, कोलकाता पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप (DMG) की टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया। एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम भी तैनात की गयी। पूजा आयोजक भी स्थिति को संभालने के लिए तुरंत राहत कार्य में जुट गए। सभी प्रभावितों को सुरक्षित बाहर निकालकर कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MCH) में भर्ती कराया गया है। फिलहाल इस पूजा पंडाल को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के समय मौके पर काफी भीड़ मौजूद थी। घटना के बाद प्रशासन के निर्देश पर ताला प्रतॉय पंडाल को भी फिलहाल बंद कर दिया गया है। वहीं, चेतला अग्रणी पंडाल को एक घंटे के लिए बंद किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर अन्य पंडालों में भी भीड़ नियंत्रण के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने घायलों के इलाज की जानकारी ली और अधिकारियों को हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस बीच, पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रभावित लोगों और उनके परिजनों की मदद के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18003455678 जारी किया है। लोग इस नंबर पर संपर्क कर जानकारी ले सकते हैं। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।