डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने क्यों कहा- बिहार को नहीं चाहिए साढ़े पांच मुख्यमंत्री, ‘बउआ’ के बाद ये बड़ा सियासी हमला

PATNA (RAJESH THAKUR) : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपनी बेबाक बातों के लिए जाने जाते हैं। सड़क से सदन तक वे अपने स्टाइल और तेवर से विरोधियों को जवाब देते हैं। जवाब देने में वे किसी तरह का समझौता नहीं करते हैं। वे केवल मीडिया या प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी विरोधियों को उसी अंदाज में जवाब देते हैं। विरोधी यदि संगठन के अंदर हो तो उन्हें भी नहीं छोड़ते हैं। फिलहाल, सम्राट चौधरी के निशाने पर इन दिनों लालू फैमिली सबसे ज्यादा है। इसी कड़ी में आज उनका सोशल मीडिया पर लगाया गया एक सियासी कार्टून काफी वायरल हो रहा है।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज अपने सोशल मीडिया पर सियासी तंज वाला ग्राफिक्स लगाकर अपना संक्षिप्त कमेंट लिखा है- बिहार को नहीं चाहिए साढ़े पांच सीएम! यानी बिहार को नहीं चाहिए साढ़े पांच मुख्यमंत्री। ग्राफिक्स में लालू यादव और राबड़ी देवी के अलावा एक ही पंक्ति में रोहिणी आचार्या, मीसा भारती और तेजप्रताप यादव खड़े हैं। लेकिन, तेजस्वी यादव को पर्दे की ओट से झांकते हुए दिखाया गया है। उनका आधा शरीर ही दिख रहा है। मतलब बाकी लोग पूरा मुख्यमंत्री और ये आधा मुख्यमंत्री। कुल मिलाकर साढ़े पांच मुख्यमंत्री।

बता दें कि इसी साल बजट सत्र के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच कई दफा जोरदार बहस हुई थी। एक बार तो सम्राट चौधरी ने पूरे तेवर में आकार तेजस्वी यादव को ‘बउआ’ तक कह दिया था। दरअसल, तेजस्वी ने पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी पर कई तरह के आरोप लगाए और उनको लेकर सम्राट चौधरी पर तंज कसा। इसी पर सम्राट चौधरी ने जमकर हमला बोला था।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तंज कसते हुए तेजस्वी यादव को ‘बउआ’ यानी बच्चा बताया। उन्होंने कहा, ‘बउआ (बिहार में आम बोलचाल की भाषा में बच्चे को लोग बउआ कहते हैं) को जो कोई लिख-पढ़ कर दे देता है, वही वो सदन में आकर बोल देता है। इस बच्चे को क्या पता है, हकीकत क्या है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘जो व्यक्ति 4 साल की उम्र से घोटाला कर रहा हो, जमीन लिखवा रहा हो, उसके बारे में क्या कहें।’ इसके बाद सदन काफी शोर-शराबा हुआ। बाद में मामला शांत हुआ।