सम्राट सरकार की अपराधियों, भू-माफियाओं और साइबर गिरोहों से निबटने की बड़ी तैयारी, पुलिस में व्यापक पैमाने पर तबादले के मायने

Rajesh Thakur | Patna

बिहार में पुलिस महकमे में 48 घंटे के भीतर 115 डीएसपी स्तर के अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले को अब महज प्रशासनिक फेरबदल नहीं, बल्कि सम्राट सरकार की व्यापक कानून-व्यवस्था रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। लगातार दूसरे दिन रविवार को हुई इस बड़ी कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि सरकार आने वाले दिनों में अपराध, भू-माफियाओं और साइबर अपराध के खिलाफ निर्णायक अभियान छेड़ने की तैयारी में है। बिहार में अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जरूरत पड़ने पर एनकाउंटर करने से पुलिस पीछे नहीं हटेगी। ताजा उदाहरण सुल्तानगंज में रामधनी यादव का एनकाउंटर है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार राज्य के कई अधिकारी लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित थे। ऐसे अधिकारियों को हटाकर अब तेज निर्णय क्षमता, फील्ड अनुभव और नयी कार्यशैली वाले युवा अधिकारियों को संवेदनशील पदों की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। सरकार का मानना है कि बदलते अपराध स्वरूप से निपटने के लिए पारंपरिक पुलिसिंग के साथ तकनीकी समझ और त्वरित एक्शन की क्षमता जरूरी है। सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री स्तर और गृह विभाग में लगातार कई दौर की समीक्षा बैठकों के बाद इस सूची को अंतिम रूप दिया गया। हाल ही में हुई उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अपराध पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने और हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने का स्पष्ट संदेश दिया था।

प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि यह फेरबदल आने वाले दिनों में राज्यभर में अपराधियों, भू-माफियाओं, साइबर ठगों और संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ बड़े अभियान की भूमिका तैयार करेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का यह कदम साफ संकेत है कि अब बिहार में पोस्टिंग नहीं, बल्कि प्रदर्शन और परिणाम ही सबसे बड़ा पैमाना होगा। सूत्रों की मानें तो डीएसपी स्तर के अधिकारियों के इस फेरबदल में जातीय समीकरण का भी ख्याल रखा गया है। इसमें भूमिहार और यादव समाज से जुड़े अच्छे अधिकारियों की भी अच्छी जगहों पर पोस्टिंग हुई है। बहरहाल, लंबे समय से जमे अधिकारियों की छुट्टी कर दी गयी है और नयी सोच और तेज एक्शन वाले अफसरों को संवेदनशील जिम्मेदारी दी गयी है। आने वाले दिनों में अन्य विभागों में भी कुछ इसी तरह के फेरबदल दिखे तो कोई आश्चर्य नहीं।