Mukhiyajee Reporter | Patna
पटना में जल संसाधन विभाग की ओर से आज बुधवार को आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सहायक अभियंता और लिपिक पद पर चयनित कुल 15 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने अपने हाथों से नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इनमें अभियंता– 06, लिपिक– 06 और कार्यालय परिचारी– 03 शामिल हैं। इस मौके पर उन्होंने सभी नवचयनित कर्मियों को ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विभाग में कार्यरत हर कर्मचारी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और कर्मचारियों के कार्यों से ही विभाग की छवि बनती है।


उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि कर्मचारियों के कार्यों का समय-समय पर आकलन किया जाएगा। जो कर्मचारी बेहतर कार्य करेंगे, उन्हें उसका लाभ भी मिलेगा और उनकी कार्यशैली की सराहना की जाएगी। वहीं, जो लोग अपने कार्य में लापरवाही बरतेंगे या जिम्मेदारी से काम नहीं करेंगे, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस मामले में विभाग किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगा।
विजय कुमार चौधरी ने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि आपके काम से ही विभाग की इमेज बनती है और आपके काम से ही विभाग की इमेज बिगड़ती भी है। ऐसे में सभी लोग पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करें। विभागीय सूत्रों के अनुसार, नयी नियुक्तियों से जल संसाधन विभाग के कार्यों में तेजी आएगी और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को भी मजबूती मिलेगी। समारोह के दौरान विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।





