खगड़िया में कृष्णा यादव दोबारा बनीं जिप अध्यक्ष, एकतरफा जीत; श्वेत शिखा को उपाध्यक्ष की कुर्सी

KHAGRIA (MR) : बिहार के खगड़िया में जिला परिषद अध्यक्ष पद पर पूर्व विधायक रणवीर यादव की पत्नी कृष्णा यादव को एकतरफा जीत मिली। वह इस पद पर दोबारा काबिज हुई हैं। 28 दिसंबर को समाहरणालय में हुए चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर श्वेत शिखा को जीत मिली। डीएम सह निर्वाची पदाधिकारी डॉ आलोक रंजन ने दोनों निर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को सर्टिफिकेट प्रदान किया। 

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को जिला परिषद के अध्यक्ष पद पर कृष्णा कुमारी यादव 13 मत लेकर निर्वाचित घोषित हुई, जबकि उपाध्यक्ष पद पर श्वेत शिखा को सर्वाधिक 10 मत प्राप्त होने के कारण निर्वाचित घोषित किया गया। 

इसके पहले डीएम सह निर्वाची पदाधिकारी डॉ आलोक रंजन घोष ने सभी निर्वाचित 18 सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद चुनाव कराने की कार्रवाई शुरू की गई। अध्यक्ष पद के लिए कृष्णा कुमारी यादव व नितिका कुमारी ने नामांकन दाखिल किया। मतदान में कृष्णा को 13 जबकि नितिका को 5 वोट मिले। 

इसी तरह उपाध्यक्ष पद के लिए श्वेत शिखा एवं प्रियदर्शना सिंह ने नामांकन किया। श्वेत शिखा को 10 तथा प्रियदर्शना सिंह को 8 वोट मिले। चुनाव के दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गए थे।  बता दें कि कृष्णा कुमारी यादव दूसरी बार जिला परिषद अध्यक्ष चुनी गई हैं। इसके पूर्व 2011 से 2016 तक वह जिला परिषद अध्यक्ष रहीं। पुन: 2021 में वह निर्वाचित घोषित हुई है।

इधर सदर प्रखंड की पूर्व प्रमुख श्वेत शिखा ने अपने राजनीतिक सफर को एक कदम आगे बढ़ाते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। बेलदौर प्रखंड के जिला परिषद क्षेत्र संख्या 11 से पूर्व जिप अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव ने 8105 मतों से जीत हासिल की थी। इन्हें सर्वाधिक 15019 वोट मिले थे। दूसरे स्थान पर लता देवी को 6914 वोट आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *