होम्योपैथी के पुरोधाओं के सम्मान में जुटे डॉ नीतीशचंद्र दुबे, जर्मनी सम्मिट में शामिल होने वाले चिकित्सक 4 मार्च को दिल्ली में होंगे सम्मानित

PATNA (RAJESH THAKUR) : होम्योपैथी के जनक हैनीमेन के घर जर्मनी में इसी साल बड़ा आयोजन होने वाला है। इसकी भव्य तैयारी चल रही है। इसकी सफलता के लिए हरिओम होम्यो क्लीनिक कल्याणपुर के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ नीतीश चंद्र दुबे रात-दिन एक किये हुए हैं। इसके लिए अतिथियों को लगातार निमंत्रण दिए जा रहे हैं। जर्मनी जाने वाले होम्योपैथी चिकित्सकों को दिल्ली में अगले माह 4 मार्च को आयोजित भव्य कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। खास बात कि इनमें कई महिला चिकित्सक भी शामिल हैं, जिन्हें नवाजा जाएगा। ये सम्मान उन्हें कई दिग्गज केंद्रीय मंत्रियों और फिल्म जगत की बड़ी हस्तियों के हाथों प्रदान किया जाएगा।

हरिओम होम्यो क्लीनिक कल्याणपुर सह बरनेट होम्योपैथी दवा कंपनी के सीएमडी डॉ नीतीश चंद्र दुबे ने बताया कि जर्मनी में इसी साल 10 अप्रैल को वर्ल्ड होम्योपैथी सम्मिट-3 का काफी भव्य आयोजन किया जाएगा। इसमें भारत के कई महिला और पुरुष होम्योपैथी चिकित्सक शामिल होंगे। उन चिकित्सकों के सम्मान में एक और भव्य आयोजन 4 मार्च को दिल्ली के ताज होटल में होगा। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में पद्मश्री से सम्मानित चिकित्सकों का अभिनंदन तथा महिला होम्योपैथी चिकित्सकों को नारी शक्ति अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।

डॉ दुबे ने बताया कि दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री सह मुंगेर के सांसद ललन सिंह, आयुष मंत्री जाधव प्रसाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, भागलपुर के सांसद राजेश वर्मा समेत फिल्म और साहित्य जगत के भी कई सशक्त हस्ताक्षर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। फिल्म और साहित्य जगत के शामिल होने वालों में प्रख्यात कवि मनोज मुन्तसिर, प्रसिद्ध उद्घोषिका मंदिरा बेदी, हमारे गुरुदेव रामजी सिंह आदि प्रमुख हैं, जो कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों की ओर से स्वीकृति भी मिल चुकी है।

उन्होंने यह भी बताया कि जर्मनी में 10 अप्रैल को होम्योपैथी चिकित्सकों का होने वाला सेमिनार भी ऐतिहासिक होगा। इस ऐतिहासिक क्षण में दुनिया को बताना चाहते हैं कि हम होम्योपैथी पद्धति को कहां ले जाना चाहते हैं। इस यात्रा में सारथी चिकित्सक मित्रों तथा शुभचिंतकों का स्नेह सदा साथ रहा है। सफलता की इस यात्रा में वे अपना स्नेह और आशीर्वाद ऐसे ही बनाए रखें। बाकी माँ दुर्गा पर भरोसा रखें, सब ठीक होगा। बता दें कि डॉ. नीतीश दुबे एक अच्छे होमियोपैथिक चिकित्सक हैं। उनकी अपनी एक सशक्त पहचान है और उतनी ही अधिक प्रसिद्धि भी है। इनका विद्यार्थी जीवन से ही होमियोपैथिक से खास लगाव रहा है। इन्होंने पुरानी और असाध्य बीमारियों मसलन, पुरुष और महिला रोग, लकवा, त्वचा, दाने, मानसिक, यौन और शारीरिक विकारों से पीड़ित लाखों रोगियों का इलाज किया है। ये कहते भी हैं कि होम्योपैथी प्राकृतिक उपचार पद्धति है, जो प्रकृति के नियम सिमिलिया सिमिलीबस क्यूरेंटुर पर आधारित है। हमारा लक्ष्य लाभ कमाना नहीं है। हमारा उद्देश्य एक ऐसा राष्ट्र बनाना है, जहां स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण कोई मौत न हो।