PATNA (MR) : बिहार के कलाकारों की प्रमुख संस्था क्राफ्ट चौपाल की ओर से आज सोमवार को पटना के यूथ हॉस्टल में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में लगभग 500 लोक कलाकार शामिल हुए। बिहार संग्रहालय के अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा ने फूलों और अबीर से समारोह का आगाज किया। उसके बाद तो तमाम कलाकारों ने फगुआ का समां बांध दिया।

बिहार संग्रहालय के अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा ने समारोह की शुरुआत अपनी इस कविता से की-
फागुन आते, लगता जी भर
राग फाग का गाऊँ
आओ यारो, कृष्ण बनो तुम
मैं राधा बन जाऊँ।
कलाकार सुनीता प्रकाश और रेखा झा ने कव्वाली और लोकगीत प्रस्तुत किया। वहीं काजल ने ‘मोहे रंग दे लाल’ और ‘योगी जी धीरे-धीरे’ पर नृत्य प्रस्तुत किया। आसरा सेवा केंद्र के कलाकारों ने राधा-कृष्ण प्रेम पर नृत्य प्रस्तुत किया। श्वेता सुरभि ने मुखौटा नृत्य प्रस्तुत कर हर किसी को ताली बजाने के लिए विवश कर दिया। कलाकार हरे कृष्ण सिंह मुन्ना ने जोगीरा पर लोकगीत और नृत्य प्रस्तुत किया। किलकारी के बच्चों ने होली पर नृत्य और गीतों की प्रस्तुति दी।

सभी कलाकारों ने ऐसा समां बांधा कि लोग थिरकने पर मजबूर हो गए। देर तक सभी ठुमके लगाते रहे। प्रमुख लोगों में बिहार महिला उद्योग संघ की अध्यक्ष उषा झा, सोहन कुमार झा, मनोज कुमार बच्चन, पटना आर्ट कॉलेज के पूर्व प्राचार्य अजय पांडे, जीतेंद्र कुमार, वरिष्ठ कलाकार बीरेंद्र कुमार सिंह, रंजीत कुमार, फिरदौस कौसर, नेपाल की रागिनी उपाध्याय आदि भी शामिल रहे। मंच संचालन अमित पराशर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा ने किया।

