MUNGER (MR) : Bihar Panchayat Chunav 2021 Counting Tetiya Bambar : बिहार पंचायत चुनाव 2021 के तहत मुंगेर के टेटिया बंबर प्रखंड में कल बुधवार को दूसरे चरण में वोटिंग हो गयी। अब आनेवाले कल यानी शुक्रवार को मतगणना होगी। आज गुरुवार है। आज की रात तमाम प्रत्याशियों के लिए बेचैनी वाली है। यही रात अंतिम यही रात भारी वाली बात है।
खासकर मुखिया व सरपंच के उम्मीदवारों के लिए कल उम्मीद भरी सुबह निकलेगी। यह अलग बात है कि दिन चढ़ने के साथ हर प्रत्याशी की किस्मत बदलती रहेगी। हर पंचायत और हर वार्ड में कहीं खुशी कहीं गम का नजारा रहेगा। कल लगभग 54 हजार वोटरों में से करीब 55 परसेंट ने अपने-अपने मुखिया, पंचायत समिति सदस्य. पंच, सरपंच व वार्ड सदस्य प्रत्याशियों की किस्मत EVM और बैलेट बॉक्स में बंद कर दी। इस प्रखंड से एक जिला परिषद सदस्य भी चुने जाएंगे। कल ही पता चलेगा, किसे फूलों की हार और किसे रीयल हार मिली।
दरअसल, टेटिया बंबर प्रखंड में मुखिया व सरपंच के 7-7 पद, पंचायत समिति सदस्य के 8 पद, जिला परिषद के एक के अलावा पंच व वार्ड सदस्य के 96-96 पद हैं। इसके लिए कुल 845 प्रत्याशियों ने नामांकन के पर्चे भरे थे। इनमें से मुखिया के लिए 60, जिप के लिए 14, पंचायत समिति सदस्य के लिए 71, सरपंच के लिए 49, पंच के लिए 168 तथा सर्वाधिक पंचायत सदस्य के 483 प्रत्याशी शामिल हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त दीपक प्रसाद के अनुसार शाम 5 बजे तक 54 हजार 203 वोटरों में से 54.75 परसेंट वोटरों ने वोट डाले। इसमें 29 हजार 342 पुरुष वोटरों में से 48%, जबकि 24 हजार 857 महिला वोटरों में से 61.50% वोटर शामिल रहे। यह स्थिति तब रही, जब कल जिउतिया व्रत था, महिलाएं निर्जला उपवास में थीं। सात पंचायतों में टेटिया, बनहरा, धौरी, कसौली, भूना, बनगामा और नोनजी शामिल हैं। डर इस बात की है कि बगल के तारापुर में 10 में से 9 पंचायतों के मुखिया बदल गए हैं।