Bihar Panchayat Chunav 2021 2nd Phase Voting Percentage : बिहार पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 55% मतदान, महिलाओं ने बाजी मारी

PATNA (MR) : Bihar Panchayat Chunav 2021 2nd Phase Voting Percentage : बिहार पंचायत चुनाव 2021 (Bihar Panchayat Chunav 2021) का दूसरा चरण आज बुधवार को पूरा हो गया। पहले चरण की तुलना में आज कम वोटिंग हुई, जबकि आज के चुनाव में कई जगहों पर मारपीट की घटना हुई। निर्वाचन आयोग के अनुसार, दूसरे चरण के मतदान में 166 लोग पकड़े गए। आज लगभग 55 परसेंट मतदान हुआ। इसमें महिलाओं का परसेंटेज अधिक रहा। 

692 पंचायतों में हुआ मतदान

राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त दीपक प्रसाद के अनुसार महज 55.02 परसेंट मतदाताओं ने ही मताधिकार का प्रयोग किया। 34 जिलों के 48 प्रखंडों की 692 पंचायतों में पांच बजे तक 46.02 परसेंट पुरुषों और 60.52 परसेंट महिलाओं ने वोट डाले। उधर, बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड के बूथ संख्या 101 पर मतदान में गड़बड़ी पैदा करने के कारण एक पीठासीन पदाधिकारी को तत्काल उसे मतदान कार्य से अलग किया गया। प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गड़बड़ी करने वाले 166 व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया। 

71467 प्रत्याशी हैं मैदान में

निर्वाचन आयोग के अनुसार, चुनाव के दौरान रेड में एक हथियार व चार कारतूस समेत 44 वाहन जब्त किए गए हैं। अररिया जिले के भरगामा प्रखंड के बूथ संख्या 264 और 264-ए पर बैलेट पेपर गायब होने के कारण पंच व सरपंच पद का मतदान स्थगित कर दिया गया। इन दोनों बूथों पर पंच व सरपंच के लिए पुनर्मतदान कराया जाएगा। दूसरे चरण में 71467 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे, जिसमें 34177 पुरुष और 37290 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। कुल 21131 पदों के लिए चुनाव कराया जाना था। इसमें से 3402 पदों पर सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। निर्विरोध चुने गए प्रतिनिधियों में 126 ग्राम पंचायत सदस्य, 3271 पंच, एक पंचायत समिति सदस्य, तीन सरपंच और एक जिला परिषद सदस्य हैं।

खुलेगा किस्मत का पिटारा

गौरतलब है कि दूसरे चरण के लिए 9686 मतदान केंद्र (Booth) बनाए गए थे। निर्विरोध चुने गए प्रतिनिधियों के अलावा पंच के 6068, वार्ड सदस्य के 9213, मुखिया के 692, सरपंच के 689, पंसस के 960 तथा 107 पदों के लिए चुनाव कराए गए। यानी 17729 पदों के लिए वोटिंग हुई। सभी प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा शुक्रवार एक अक्टूबर को खुलेगा। 

इन जिलों-प्रखंडों में डाले गए वोट

  • जिला :      प्रखंड
  • पटना : पालीगंज
  • बक्सर  : राजपुर
  • रोहतास : रोहतास व नौहट्टा 
  • नालंदा : थरथरी व गिरियक
  • कैमूर : दुर्गावती
  • भोजपुर : पीरो
  • गया : टिकारी व गुरारू 
  • नवादा : कौआकोल
  • औरंगाबाद : नवीनगर
  • जहानाबाद : धोसी 
  • अरवल : अरवल 
  • सारण : मांझी 
  • सिवान : सिवान सदर 
  • गोपालगंज : विजयीपुर
  • वैशाली : हाजीपुर 
  • मुजफ्फरपुर : मड़वन व सरैया
  • पू. चंपारण : मधुबन, फेनहारा व तेतरिया
  • प. चंपारण : चनपटिया
  • सीतामढ़ी : चोरौत व नानपुर
  • दरभंगा : बेनीपुर व अलीनगर
  • मधुबनी : पंडौल व रहिका
  • समस्तीपुर : ताजपुर, पूसा व समस्तीपुर 
  • सुपौल : प्रतापगंज
  • सहरसा : कहरा 
  • मधेपुरा : मधेपुरा
  • पूर्णिया : बनमनखी
  • कटिहार : कुर्सेला, कटिहार, हसनगंज व डंडखोरा
  • बेगूसराय : भगवानपुर 
  • खगडिय़ा : निर्वाचन क्षेत्र संख्या 17 व 18 परबत्ता
  • मुंगेर : टेटियाबंबर
  • जमुई : अलीगंज
  • भागलपुर : जगदीशपुर
  • बांका : बांका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *