सम्राट चौधरी की पहल रंग लायी, पटना के हार्डिंग पार्क में बनेगा 5 प्लेटफॉर्म वाला रेलवे स्टेशन, रेल मंत्री ने की कई घोषणाएं

Rajesh Thakur | Patna

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का विकास अब धीरे-धीरे पटल पर दिखने लगा है। केंद्रीय रेल मंत्री, सूचना एवं प्रसारण मंत्री सह इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रोद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को बिहार में विकास की झड़ी लगा दी। एक साथ कई विकास योजनाओं को धरती पर उतारा, साथ ही छपरा-दिल्ली ट्रेन की उन्होंने सौगात भी दी। इसके अलावा उन्होंने मढ़ौरा लोकोमोटिव प्लांट से 51वें रेल इंजन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं रेल मंत्री ने छपरा-दिल्ली ट्रेन की भी सौगात दी। उन्होंने बिहार को बुलेट ट्रेन से जोड़े जाने की बात कही। यही नहीं, अश्विनी वैष्णव इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रोद्योगिकी मंत्री होने के नाते पटना के सॉफ्टवेयर पार्क में आयोजित बड़ा कार्यक्रम में बड़ा कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्होंने आईटी स्टार्टअप संगठनों के साथ बैठक की। उनके सभी कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल रहे। बता दें कि हाल ही में दिल्ली यात्रा पर गये मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी तथा बिहार में रेलवे को लेकर बात की थी। माना जा रहा है कि उसे गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्री ने आज बिहार का दौरा किया।

पटना में रेलमंत्री से मंत्रणा करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया से बताया कि पटना की रेलवे क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। इसके तहत हार्डिंग पार्क क्षेत्र में पांच नए प्लेटफॉर्म वाला एक आधुनिक रेलवे स्टेशन विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही फतुहा रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का काम भी तेजी से चल रहा है। एकदिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचे रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में रेलवे क्षेत्र में अभूतपूर्व निवेश हो रहा है। राज्य को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का रेल बजट मिला है, जबकि लगभग 1.15 लाख करोड़ रुपये की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर कार्य जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि पटना क्षेत्र में लगातार बढ़ते रेल यातायात को देखते हुए नए स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और राजधानी पर रेल दबाव कम होगा।

इस दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखायी तथा मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस और दोहरीघाट-औड़िहार रेल सेवा के विस्तार कार्यक्रम में भी भाग लिया। इसी क्रम में मढ़ौरा लोकोमोटिव प्लांट से गिनी गणराज्य को निर्यात किए जाने वाले 51वें रेल इंजन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो बिहार की बढ़ती औद्योगिक क्षमता, तकनीकी दक्षता और वैश्विक पहचान का प्रतीक है। साथ ही सारण जिले में दो आधुनिक टाउनशिप एवं दो एयरपोर्ट विकसित किए जाने की घोषणा की गयी, जिससे क्षेत्र में विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि रेल, उद्योग और आधुनिक आधारभूत संरचना बिहार के उज्ज्वल भविष्य को नयी दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

पटना के सॉफ्टवेयर पार्क में संबोधित करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। साथ में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव व मंत्री नीतीश मिश्रा।

दूसरी ओर, वे दोनों राजीवनगर स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया (STPI) में आईटी उद्योग एवं स्टार्टअप संगठनों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्टार्टअप एवं उद्योगों को बेहतर सुविधाएं, अवसर और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘बिहार टेक’ पोर्टल विकसित किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले पाँच वर्षों में बिहार उद्योग, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपनी एक नई और सशक्त पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने आगे कहा कि बिहार के युवा स्टार्टअप के माध्यम से रोजगार के नए अवसरों का सृजन करें। राज्य सरकार उनके नवाचार, उद्यमिता और विकास के प्रयासों में हर संभव सहयोग एवं सहायता प्रदान करेगी।