PATNA (LALIT KUMAR PRABHAKAR) : दिल्ली में भाजपा की अभूतपूर्व और ऐतिहासिक जीत हुई है। 27 साल के बाद वह दिल्ली की सत्ता में लौटी है। इस जीत की गूंज बिहार में भी सुनाई पड़ रही है। सत्ता वापसी पर आज शनिवार को बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में जमकर जश्न मनाया गया। इस जीत की खुशी में मिठाइयां बांटी गयी और लोगों ने एक-दूसरे को जीत की बधाई दी। भाजपा मुख्यालय में होली और दिवाली का नजारा एक साथ नजर आया। कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर जमकर आतिशबाजी की। इस खुशी के मौके पर प्रदेश कार्यालय पहुंचे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री मंगल पांडेय भी इस जश्न में शामिल हुए और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर बधाई दी।



उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि दिल्ली की जीत है विकास की, दिल्ली की जीत है सुशासन की। यह मोदी की गारंटी की जीत है। ‘आप-दा’ मुक्त दिल्ली बनाने के लिए जनता का कोटि-कोटि आभार। दिल्ली के दिल में मोदी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 27 साल बाद भाजपा ने दिल्ली में इतिहास रचने का काम किया है। उन्होंने कार्यालय में जय श्री राम के नारे भी लगाए। साथ ही उन्होंने दिल्ली जीतने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई भी दी। बता दें कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को दिल्ली चुनाव के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में रखा गया था। दूसरी ओर, भाजपा कार्यालय में हुए जश्न में महिला मोर्चा की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल रहीं।
उधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने इस जीत को लेकर दिल्ली के लोगों और कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हमलोगों ने दिल्ली जीत लिया और अब बिहार की बारी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जीत वहां की जनता और पीएम नरेंद्र मोदी के गारंटी पर विश्वास की जीत है। दिल्ली में अहंकारी नेतृत्व और कुशासन का अंत हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोरोना काल के दौरान जब लोगों को सरकार की मदद की जरूरत थी, तब केजरीवाल सरकार ने पूर्वांचल के लोगों को बस में ठूंसकर दिल्ली से बाहर करवा दिया था। उन्होंने कहा कि दिल्ली का यह जनादेश एनडीए पर विश्वास पर मुहर है। दिल्ली के मतदाताओं ने परिवारवादी पार्टियों और भ्रष्टाचारी पार्टियों को पूरी तरह नकार दिया। दिल्ली की जीत पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री मिथिलेश तिवारी, राजेश वर्मा, शिवेश राम, ललन मंडल, जगन्नाथ ठाकुर ने भी वहां के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।