Mukhiyajee Reporter | Patna
12 साल बेमिसाल…। आज 10 जून को पीएम नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री हो गए। उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 9 जून को उन्होंने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी। 10 जून 2026 यानी आज उनके निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कुल 4399 दिन पूरे हो गए, जिससे उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4398 दिनों के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। प्रधानमंत्री बनने से पहले वे अक्टूबर 2001 से मई 2014 तक लगातार गुजरात के मुख्यमंत्री भी रहे थे। उन्होंने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश भर से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें न केवल बधाई और शुभकामनाएं दी हैं, बल्कि उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम लंबा पत्र भी लिखा है। इसमें उन्होंने केंद्र सरकार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिहार को टाइम टू टाइम मदद करने के लिए खूब प्रशंसा की है। आइये पढ़ते हैं पूरा पत्र…। मूल पत्र के फोटो इसी खबर के अंत में लगा हुआ है।
आदरणीय प्रधानमंत्री जी,
आपके विकसित भारत के सपने को बिहार समृद्ध होकर पूरा कर रहा है। आप अवगत हैं कि बिहार का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। भारत के इतिहास में बिहार को शक्ति, संस्कृति एवं शिक्षा के केंद्र के रूप में जाना जाता रहा है। बिहार ज्ञान एवं मोक्ष की भूमि है। इसी धरती पर चाणक्य ने अर्थशास्त्र की रचना की और आर्यभट्ट ने शून्य का आविष्कार किया। नालंदा विश्वविद्यालय एवं विक्रमशिला विश्वविद्यालय न सिर्फ भारतवर्ष बल्कि पूरे विश्व में ज्ञान के केंद्र रहे हैं। राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना आपके मार्गदर्शन एवं केंद्र सरकार के सहयोग से ही संभव हुई। वर्ष 2024 में आपके कर कमलों से नालंदा विश्वविद्यालय परिसर का उद्घाटन इस गौरवशाली विरासत को पुनः जीवित करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध हुआ है।
लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी ने देश में आपातकाल लागू करने के विरूद्ध बिहार से संपूर्ण क्रांति का शंखनाद कर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। जननायक कर्पूरी ठाकुर जी ने सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों को स्थापित किया, जो आज भी बिहार की विकास यात्रा का मार्गदर्शन करते हैं। आपके नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को ‘भारत रत्न’ दिया जाना पिछड़ों, वंचितों और उपेक्षित वर्गों के बीच में सकारात्मक भाव पैदा करता है।
बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। वर्ष 2015 में बिहार के विकास के लिए 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये की पीएम पैकेज की घोषणा की गयी। इसमें 54 हजार 7 सौ करोड़ रुपये सड़क एवं पुलों के निर्माण के लिए दिये गये थे। वर्तमान में बिहार सरकार का बजट 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपये का है। इसमें भारत सरकार का काफी बड़ा योगदान राज्य को प्राप्त होता है। राज्य सरकार अपने संसाधन से लगभग 75 हजार करोड़ रुपये जुटा पाती है। शेष राशि केंद्रीय करों में राज्य की हिस्सेदारी एवं सहायक अनुदान आदि से प्राप्त होता है। हाल ही में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण, बिहार में मखाना बोर्ड का गठन, नये एयरपोर्ट का विकास आदि के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाये गये हैं।
वर्ष 1934 के भूकंप के बाद से ही मिथिलांचल दो भागों में बँट गया था। आपके नेतृत्व में कोसी महासेतु का निर्माण कार्य पूरा कराकर इसे पुनः जोड़ा गया। गंगा नदी पर गांधी सेतु का जीर्णोद्धार, मोकामा में राजेंद्र सेतु के समानान्तर नये 6 लेन पुल का निर्माण एवं मुंगेर में श्रीकृष्ण सेतु का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही गंगा नदी पर पटना में गांधी सेतु के समानान्तर नये पुल का निर्माण, जेपी सेतु के समानान्तर नये पुल का निर्माण, दीघवारा-शेरपुर में नये पुल का निर्माण एवं भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के समानान्तर नये पुल का निर्माण किया जा रहा है। आपके दिशा-निर्देश के बाद से बिहार में पहली बार 5 एक्सप्रेस-वे सड़कों की स्वीकृति प्रदान की गयी है। आपने बिहार में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों विशेषकर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरूआत की है। पटना मेट्रो का काम तेजी से जारी है। साथ ही इस वर्ष के बजट में पटना होकर जाने वाली हाई स्पीड ट्रेन की घोषणा की गयी है।
पटना एयरपोर्ट के नये टर्मिनल भवन बनने से राज्य के विकास की झलक मिल जाती है। इसके अतिरिक्त दरभंगा एवं पूर्णिया में नये एयरपोर्ट का निर्माण कराया गया है तथा बिहटा में निर्माण कार्य जारी है। आपके दिशा-निर्देश पर राज्य के दूसरे एम्स का निर्माण दरभंगा में कराया जा रहा है। साथ ही राज्य में 5 नये मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों के निर्माण में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। बाढ़ नियंत्रण एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए बागमती-बूढ़ी गंडक रिवर लिंक योजना लगभग पूरी हो गयी है तथा कोसी-मेंची रिवर लिंक योजना का कार्य कराया जा रहा है। पीएम गतिशक्ति के तहत योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा से योजनाओं के क्रियान्वयन में काफी तेजी आयी है।
विकास के साथ विरासत एवं संस्कृति के संरक्षण पर भी आपका मार्गदर्शन हमें मिलता रहा है। आप अवगत हैं कि राज्य में माँ सीता की जन्मस्थली पुनौराधाम में एक भव्य मंदिर का निर्माण प्रारंभ किया गया है। केंद्र सरकार के द्वारा इस स्थली को भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या से रेल सेवा एवं राम-जानकी पथ से जोड़ा जा रहा है। इसके अतिरिक्त नालंदा एवं गयाजी में भी कॉरिडोर बनाने की घोषणा की गयी है।
आपकी दूरदर्शिता के कारण ही महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत एवं किसान सम्मान निधि योजनाएं शुरू की गयीं। आयुष्मान भारत योजना से बिहार में लगभग 5 करोड़ लोग जुड़े हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से कृषि कार्य में लगे हमारे लगभग 1 करोड़ परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से राज्य के लगभग 8 करोड़ लोग लाभ प्राप्त कर रहे हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके सहयोग से बिहार निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा और विकसित भारत-समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करेगा।
मुझे हार्दिक प्रसन्नता है कि आज देश के इतिहास में आपने भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर सबसे अधिक समय तक जनसेवा का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आपके 12 साल के स्वर्णिम कार्यकाल में भारत काफी आगे बढ़ा है और बिहार भी समृद्ध हुआ है। इसके लिए बिहार की जनता की ओर से आपको हार्दिक बधाई देता हूँ और आशा करता हूँ कि आपका मार्गदर्शन एवं सहयोग हमें लंबे समय तक मिलता रहेगा।
भवदीय
सम्राट चौधरी









