Rajesh Thakur | Patna
बिहार की राजनीति के सबसे चर्चित और जनप्रिय नेताओं में शुमार राजद अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का जन्मदिन इस बार भी परिवार के बीच आत्मीय माहौल में मनाया गया। बुधवार की आधी रात को घड़ी ने जैसे ही 12 बजाया, दिन गुरुवार में प्रवेश किया और नयी तारीख 11 जून आयी, वैसे ही राबड़ी आवास पर परिवार के सदस्य लालू यादव को जन्मदिन की बधाई देने के लिए एकत्र हो गए। उन्होंने अपने हाथ से केक काटा। परिवार के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। आप तस्वीरों को देखकर परिवार के बीच भावनाओं से भरे खूबसूरत पल का अंदाजा लगा सकते हैं।


सोशल मीडिया पर जारी तस्वीरों में देखिए। 78 वर्ष के हुए लालू यादव के साथ उनकी जीवनसंगिनी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी मौजूद थीं। उनके ही निकट बड़ी बेटी मीसा भारती, पुत्र तेजस्वी यादव, तेजस्वी की पत्नी राजश्री यादव सहित परिवार के अन्य लोग मौजूद रहे। मेज पर सजा जन्मदिन का केक, फूलों का गुलदस्ता और पूरे परिवार की मौजूदगी इस पल को और खास बना रही थी। सबसे भावुक दृश्य तब दिखा जब राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव सहित परिवार के लोगों ने उन्हें केक खिलाकर भगवान से उनके स्वस्थ जीवन और लंबी उम्र की कामना की। आधी रात में ही तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए संक्षिप्त लेकिन भावनाओं से भरा संदेश लिखा- ‘Happy Birthday Papa’।
राजनीति की व्यस्तताओं और सार्वजनिक जीवन की भागदौड़ के बीच यह दृश्य एक सामान्य भारतीय परिवार की तस्वीर जैसा दिखा, जहां जन्मदिन केवल एक औपचारिक अवसर नहीं, बल्कि रिश्तों को महसूस करने का दिन होता है। तस्वीरों में लालू यादव शांत भाव से परिवार के स्नेह को स्वीकार करते नजर आ रहे हैं, जबकि राबड़ी देवी और परिवार के अन्य सदस्य उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते दिखाई दे रहे हैं। दरअसल, लालू यादव का राजनीतिक सफर जितना लंबा और संघर्षपूर्ण रहा है, उतना ही उनका पारिवारिक पक्ष भी लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा है। समर्थकों के लिए वे केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक ऐसे व्यक्तित्व हैं, जिनकी राजनीति और परिवार दोनों की कहानियां दशकों से बिहार की सामाजिक और राजनीतिक धारा का हिस्सा रही हैं।
बहरहाल, जन्मदिन के इस अवसर पर देशभर से समर्थकों, नेताओं और शुभचिंतकों की ओर से बधाइयों का सिलसिला भी शुरू हो गया। आधी रात में हजारों लोगों ने सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। आधी रात को परिवार के बीच मनाया गया यह जन्मदिन बता गया कि सार्वजनिक जीवन में कितनी भी ऊंचाई क्यों न मिल जाए, दिन के अंत में सबसे बड़ा सहारा परिवार का स्नेह ही होता है। 79वें जन्मदिन पर लालू यादव के चेहरे पर दिख रही सहज मुस्कान और परिवार की आंखों में झलकता अपनापन शायद यही संदेश दे रहा था कि राजनीतिक यात्राएं भले लंबी हों, लेकिन जीवन की सबसे बड़ी पूंजी अपने लोगों का साथ ही होता है।










