शिक्षकों के चेहरों पर मुस्कान ही मेरी असली पूंजी : जीवन कुमार, पढ़िए और क्या बोले…

Rajesh Thakur । Patna : गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद और सदन में कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष जीवन कुमार इन दिनों लगातार क्षेत्र के शिक्षकों के बीच भ्रमण कर रहे हैं और उनकी समस्याओं से रूबरू हो रहे हैं। शिक्षक संवाद कार्यक्रम कर उनकी प्रॉब्लम सुन रहे हैं। इतना ही नहीं, जीवन कुमार ऑन द स्पॉट अधिकारियों से बात कर शिक्षकों की समस्याओं को दूर करने का हर संभव प्रयास भी कर रहे हैं। वे हर हाल में शिक्षकों के चेहरों पर मुस्कान और उनके घर में खुशहाली देखना चाहते हैं। वे यह भी चाहते हैं कि शिक्षक मन लगाकर कार्य करें और बदले में सरकार भी उनकी सुख-समृद्धि का ख्याल रखें।

जगह-जगह हो रहा शिक्षक संवाद : भाजपा के वरीय नेता व विधान पार्षद जीवन कुमार शुक्रवार को गयाजी के रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में आयोजित ‘शिक्षक संवाद’ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आप सभी शिक्षक साथियों ने जो स्नेह, आदर और भव्य स्वागत दिया, उसने मुझे भाव-विभोर कर दिया है। आपके चेहरों की यह मुस्कान और खुशी ही मेरी असली पूंजी है। जब एक शिक्षक अपने प्रतिनिधि की ओर उम्मीद और भरोसे से देखता है, तो मेरी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। आपका यही उत्साह मुझे सदन में आपकी आवाज को और प्रखरता से उठाने की शक्ति देता है।

शिक्षकों के सम्मान में नहीं होगी कमी : उन्होंने शिक्षकों से कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपके इस सम्मान का मान कभी कम नहीं होने दूंगा। आपके हक, स्वाभिमान और अधिकारों की लड़ाई मेरी प्राथमिकता है और आगे भी रहेगी। इसके पहले उन्होंने पटना स्थित अपने आवास पर भभुआ के विधायक भारत बिंद के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें भी शिक्षक हित, क्षेत्रीय विकास और संगठनात्मक मजबूती आदि से जुड़े मुद्दे उठे। इस अवसर पर भभुआ क्षेत्र के कोने-कोने से आए शिक्षकों और जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद हुआ, जिसमें उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को गंभीरता से सुना गया।

प्रशासनिक लापरवाही बर्दाश्त नहीं : बैठक की खास बात यह रही कि शिक्षकों की समस्याओं को केवल सुना ही नहीं गया, बल्कि कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही फोन कर स्पष्ट और दो-टूक निर्देश दिए गए। यह साफ कर दिया गया कि शिक्षकों के जायज कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास, संगठन की आगामी रणनीति और जनसंपर्क को और मजबूत करने को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ सार्थक चर्चा हुई। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और सक्रियता को आने वाले समय की सबसे बड़ी ताकत बताया गया। शिक्षकों के सम्मान और क्षेत्र के स्वाभिमान को सर्वोपरि बताते हुए कहा गया कि जनसेवा और संघर्ष का यह सिलसिला आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।