लैंड फॉर जॉब केस : लालू परिवार पर आरोप तय, 40 आरोपियों के खिलाफ चलेगा मुकदमा

Mukhiyajee । New Delhi
लैंड फॉर जॉब मामले में पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद और उनके परिवार की कानूनी मुश्किलें और बढ़ गयी हैं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने इस मामले में लालू परिवार समेत कुल 40 आरोपियों पर आरोप तय कर दिए हैं। इसके साथ ही अब इस मामले में नियमित रूप से मुकदमे की कार्यवाही चलेगी। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) का आरोप है कि वर्ष 2004 से 2009 के बीच, जब लालू प्रसाद केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे, तब रेलवे में ग्रुप-डी की नौकरियों के बदले जमीन ली गयी। जांच एजेंसी के मुताबिक, अधिकतर मामलों में नौकरी देने से पहले ही जमीन लालू परिवार के सदस्यों के नाम ट्रांसफर करायी गयी।

CBI के आरोप के अनुसार, बिहार में एक लाख वर्गफुट से अधिक जमीन महज लगभग 26 लाख रुपये में हासिल की गयी थी, जबकि उस समय की सर्किल दर के अनुसार इन जमीनों की कीमत करीब 4.39 करोड़ रुपये बतायी गयी है। जांच एजेंसी का यह भी दावा है कि कई मामलों में जमीन मालिकों को नकद भुगतान किया गया। जांच एजेंसी का यह भी आरोप है कि जमीन के बदले मुंबई, जबलपुर, कोलकाता, जयपुर और हाजीपुर रेलवे जोन में लाभुकों को नौकरी दी गयी थी।

CBI के मुताबिक, लालू परिवार के करीबी भोला यादव ने गांव-गांव जाकर नौकरी दिलाने के एवज में जमीन देने की बात कही थी। कोर्ट ने इस मामले में 52 आरोपियों को बरी कर दिया है। CBI ने कोर्ट को चार्जशीट में यह भी बताया कि नामजद 103 में से पांच की मृत्यु हो चुकी है।