Rajesh Thakur | Patna
बिहार की राजनीति में अब क्रिकेट भी एक बड़ा मुद्दा बनता दिख रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राज्य के लाखों क्रिकेट प्रेमियों के बीच नयी उम्मीद जगा दी है। बिहार को अपनी आईपीएल टीम मिलने की चर्चा एक बार फिर तेज हो गयी है। दरअसल, उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सवाल उठाया कि क्या बिहार को भी चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स की तरह अपनी एक दमदार टीम नहीं मिलनी चाहिए? इस पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि वे इस बात से ‘पूर्णतः सहमत’ हैं और बिहार के क्रिकेट ‘इमोशन’ के लिए सरकार स्पष्ट ‘विजन’ और ‘मिशन’ मोड में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि सहयोग मिलने पर निश्चित रूप से बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बिहार के क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्साह का माहौल बन गया है। मालूम हो कि बिहार क्रिकेट की कहानी हमेशा संघर्षों से भरी रही है। एक समय था जब बिहार के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए दूसरे राज्यों का सहारा लेना पड़ता था। महेंद्र सिंह धोनी जैसे खिलाड़ी झारखंड से निकले, लेकिन पुराने बिहार के क्रिकेट ढांचे का हिस्सा रहे। झारखंड अलग होने के बाद बिहार का क्रिकेट ढांचा लगभग बिखर गया है। इतना ही नहीं, बीसीसीआई से मान्यता को लेकर वर्षों तक विवाद चलता रहा। कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों और अवसरों के अभाव में पीछे रह गये। हालांकि हाल के वर्षों में बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की सक्रियता बढ़ी है और घरेलू क्रिकेट में बिहार की टीम लगातार भागीदारी कर रही है, लेकिन अभी भी राज्य में बड़े स्तर की क्रिकेट संरचना की कमी महसूस की जाती है।

बहरहाल, उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने एक्स के अलावा अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा है- ‘बिहार की मिट्टी ने देश को बहुत से बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ी दिए हैं। पटना में जन्मे ईशान किशन ने सबसे कम गेंदों में ODI double century लगायी। समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी सबसे कम उम्र में IPL debut करने वाले खिलाड़ी बने और गोपालगंज के साधारण परिवार में जन्मे साकिब हुसैन की शानदार गेंदबाजी पर आज पूरी दुनिया की नजरें हैं। लेकिन एक बात मुझे हमेशा खलती है कि हमारे बिहार को क्रिकेट में अब भी वह नाम और पहचान क्यों नहीं मिल पा रही, जिसके हम हकदार हैं। मेरा हमेशा से यह सपना और प्रयास रहा है कि बिहार के युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का पूरा मौका मिले, हमारे खिलाड़ियों को भी world class infrastructure और support बिहार में ही मिलना चाहिए। मुझे पूरा भरोसा है कि अगर हमारे बच्चों को सही प्रेरणा और सुविधाएं मिलें, तो हमारे बिहार से बनने वाली टीम दुनिया की बेस्ट टीम होगी। और मैं इस काम में बिहार के युवाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूँ। बिहार की क्रिकेट टीम और यहाँ के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए मैं अपनी तरफ से unconditional support दूंगा। बिहार मेरे लिए सिर्फ एक राज्य नहीं, एक emotion है और अब वक्त आ गया है कि हमारी मिट्टी का talent मैदान पर दिखे।’ इसे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गंभीरता से लिया और उन्होंने ‘इमोशन’ के लिए सरकार की ओर से स्पष्ट ‘विजन’ और ‘मिशन’ मोड में काम करने की बात कही है।






