NEET परीक्षार्थियों के लिए बिहार सरकार का बड़ा फैसला, सरकारी बसों में मुफ्त होगा सफर; सत्तू-शरबत की भी व्यवस्था

Rajesh Thakur | Patna

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने NEET परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान बिहार राज्य की सभी सरकारी बसों में परीक्षार्थियों के लिए आवागमन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने बयान में जिला प्रशासन, राज्य के विभिन्न मठ-मंदिरों तथा गैर-सरकारी संगठनों से भी विशेष अपील की है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिला प्रशासन, राज्य के विभिन्न मठ-मंदिरों तथा गैर-सरकारी संगठनों से आग्रह किया है कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए पेयजल, सत्तू तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था में सहयोग किया जाए, ताकि भीषण गर्मी के बीच छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सरकार के इस फैसले को छात्रों और अभिभावकों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र दूर-दराज के जिलों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचते हैं, ऐसे में मुफ्त बस सेवा से आर्थिक बोझ कम होने के साथ-साथ यात्रा भी अधिक सुगम होगी।

मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र पूरी आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा दें। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सरकार पूरी तरह सतर्क है। हाल के वर्षों में पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने जैसी घटनाओं से छात्रों के बीच जो चिंता और असमंजस का माहौल बना है, उसे देखते हुए सरकार हर स्तर पर निगरानी रख रही है, ताकि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भविष्य किसी भी हालत में प्रभावित न हो।