PATNA (MR)। केदारनाथ, छिछोर जैसी चर्चित फिल्म के किरदार सुशांत सिंह राजपूत अब इस दुनिया में नहीं रहे। भले ही उनके स्वजनों, परिजनों, बंधु-बांधवों, सगे-संबंधियों, चाहने वालों को विश्वास न हो, लेकिन हकीकत यही है कि सुशांत अब हमलोगों के बीच नहीं हैं। वह बिहार के छोटे से गांव पूर्णिया के मलडीहा से मायानगरी मुंबई पहुंचे थे और अब वहीं के होकर रह गए। बिहार के इस लाडले का अंतिम संस्कार मुंबई में ही होगा। उनके पिता केके सिंह मुंबई पहुंच गए हैं। उनके साथ अन्य रिलेटिव हैं।

मिल रही जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार मुंबई में ही होगा। पुलिस व अन्य शुभचिंतक उनके पिता केके सिंह के मुंबई पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था। सुशांत के पिता की भी तबीयत इन दिनों कुछ अच्छी नहीं चल रही है। पटना में उनकी देखभाल लक्ष्मी नामक महिला करती हैं। सुशांत का फोन अक्सर उनके पास आता था। बेटे की मौत की सूचना आई तो वे बेहोश हो गए। तबीयत ठीक होने पर सोमवार की सुबह पिता केके सिंह पटना से flight से मुंबई के लिये रवाना हुए।
लक्ष्मी बताती हैं कि सुशांत लॉकडाउन के दौरान हमेशा फोन किया करते थे। वे अपने पिता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेते थे। निर्देश भी देते थे कि पिताजी को बाहर नहीं जाने दीजिएगा। कोरोना से बचाकर रखिएगा। यह बोलते-बोलते लक्ष्मी फफक पड़ती हैं। रोते हुए कहती हैं कि बउआ ही चला गया। बता दें कि 2001 में सुशांत की मां का निधन हो गया था, जबकि एक बहन का भी निधन हाल के वर्षों में हुआ था। सुशांत पांच बहनों के बीच इकलौता भाई था।