PATNA (MR) : बिहार में दो सीटों पर 30 अक्टूबर को उपचुनाव है। NDA ने एकता दिखाते हुए तारापुर और कुशेश्वर स्थान विधानसभा सीटों के लिए पहले ही अपने उम्मीदवारों राजीव कुमार सिंह और अमन भूषण हजारी की घोषणा कर दी। BJP और JDU समेत NDA में शामिल HAM और VIP पार्टियों ने भी जबरदस्त एकता दिखाई। लेकिन महागठबंधन में दरार पड़ गयी है। 

RJD ने कांग्रेस (Congress) को दरकिनार करते हुए दोनों सीटों के लिए एकतरफा घोषणा कर दी। तारापुर से अरुण कुमार साह और कुशेश्वर स्थान से गणेश भारती सदा को चुनाव मैदान में उतारा। RJD ने एक साथ दो नए पासे फेंके। दोनों ही पासों को लेकर महागठबंधन के गलियारे में हलचल तेज हो गयी है। बता दें कि विधायक मेवालाल चौधरी और शशि भूषण हजारी के आकस्मिक निधन से दोनों सीटें खाली हुई हैं। 

हलचल नंबर : एक – तारापुर

RJD के कद्दावर नेता हैं जयप्रकाश नारायण यादव। RJD के जन्म से पहले से ही पूर्व बिहार में उनका बड़ा नाम रहा है। यूं कहें कि वे पूर्व बिहार में यादव जाति के ‘लालू यादव’ ही हैं। जब हवेली खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र था, तब वे बिहार सरकार के दबंग मंत्री हुआ करते थे। उनके इशारे पर हवेली खड़गपुर ही नहीं, मुंगेर, जमुई, लखीसाराय, तारापुर, बांका, झाझा, चकाई तक की सीटों पर टिकट बांटते थे। लालू यादव के महत्वपूर्ण सलाहकारों में शामिल थे। पिछले चुनाव में उनकी बेटी दिव्य प्रकाश को तारापुर से टिकट मिला था। हार गयी थीं। इस बार भी चाहते थे कि बेटी को मिले, लेकिन ‘तेजस्वी सेना” की नजर लग गयी। उन्हें दरकिनार कर दिया गया। प्रत्याशी बदल दिये गये। इसका साइड इफेक्ट दिखना तय माना जा रहा है। 

हलचल नंबर : दो – कुशेश्वर स्थान 

कुशेश्वर स्थान में भी उपचुनाव होना है। यह कांग्रेस की परंपरागत सीट रही है। यहां से डॉ अशोक कुमार उर्फ अशोक राम उमीदवार बनते आ रहे हैं। 2020 के चुनाव में वे JDU उम्मीदवार से लगभग सात हजार वोट से हार गए थे। उपचुनाव में यहां से कांग्रेस ने फिर से अशोक राम पर ही किस्मत आजमाने का फैसला लिया है। चर्चा यह भी कि इस बार अशोक राम के बेटे डॉ अतिरेक को टिकट मिल सकती है। लेकिन इसी बीच RJD ने सियासी भूचाल ला दिया। उसने कांग्रेस को नजरंदाज करते हुए अपना उम्मीदवार उतार दिया। इसे लेकर महागठबंधन में हलचल तेज हो गयी है। वाम दल वेट एंड वाच की भूमिका में हैं। इससे कांग्रेस बहुत दुखी हो गयी है। कांग्रेस के बड़े नेताओं ने साफ कर दिया है कि वह कुशेश्वर स्थान में तो अपना उम्मीदवार देगी ही, जरूरत पड़ी तो तारापुर में भी प्रत्याशी उतार देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here