PATNA (RAJESH THAKUR) : पटना में काफी गहमागहमी के बीच पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव 2025 का रिजल्ट आ गया। पहली बार 5 में से 3 पदों पर आधी आबादी का कब्जा हो गया है। अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष पद पर महिलाओं ने बाजी मारी है। खास बात कि पटना यूनिवर्सिटी के इतिहास में पहली बार अध्यक्ष पद पर किसी महिला को कामयाबी मिली है। इतना ही नहीं, अलग-अलग पदों पर अलग-अलग दलों की समर्थित छात्राओं ने जीत हासिल की है। महासचिव के पद पर तो निर्दलीय प्रत्याशी को सफलता मिली है। वहीं उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव के पद पर छात्रों ने बाजी मारी है।

देर रात हुई गिनती के बाद आए परिणाम के अनुसार अध्यक्ष पद पर ABVP की मैथिली मृणालिनी को जीत मिली है। उन्होंने NSUI के मनोरंजन कुमार को 606 वोटों से पराजित किया। मैथिली को 3524 वोट मिले, जबकि हैं। मनोरंजन को 2918 वोटों से संतोष करना पड़ा। वहीं, महासचिव के पद पर ओसामा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सलोनी राज ने जीत हासिल की है। सलोनी ने बड़े अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी ABVP के अंकित राज को 2 हजार से भी अधिक वोटों से पराजित किया। विजयी प्रत्याशी को 3 हजार से अधिक वोट मिले हैं। वह पहले राउंड से ही निर्णायक बढ़त की ओर थी।
पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव, 2025 के परिणाम
- मैथिली मृणालिनी : अध्यक्ष (ABVP)
- धीरज कुमार : उपाध्यक्ष (निर्दलीय)
- सलोनी राज : महासचिव (निर्दलीय)
- रोहन सिंह : संयुक्त सचिव (NSUI)
- सौम्या श्रीवास्तव : कोषाध्यक्ष (NSUI)
मैथिली और सलोनी के अलावा कोषाध्यक्ष सीट पर भी महिला उम्मीदवार ने बाजी मारी है। इस सीट पर NSUI की सौम्या श्रीवास्तव को सफलता मिली है। सौम्या की सीधी लड़ाई जनसुराज के प्रत्याशी ब्रजेश से हुई। सौम्या को 2 हजार से अधिक वोट मिले हैं, वहीं ब्रजेश को लगभग 1100 वोट आए। सबसे कड़ी टक्कर संयुक्त सचिव के पद के लिए हुई। इस पद काफी देर तक जनसुराज की अन्नु कुमारी आगे चल रही थी, लेकिन फाइनल राउंड में NSUI प्रत्याशी रोहन से महज 183 वोट से पिछड़ गयी। वहीं उपाध्यक्ष के पद पर भी निर्दलीय प्रत्याशी धीरज की जीत हुई है। इस तरह सेंट्रल पैनल में पहली बार NSUI के दो उम्मीदवार जीते, जबकि अध्यक्ष पद पर पहली बार महिला उम्मीदवार ने जीत दर्ज कर इतिहास रचा है।

बहरहाल, RJD के अलग लड़ने से महागठबंधन को यह चुनाव महंगा पड़ गया। खासकर अध्यक्ष पद पर हुई जीत-हार के अंतर से कहीं ज्यादा वोट RJD की प्रियंका कुमारी को मिले हैं। उसे 800 से अधिक वोट मिले हैं, जबकि NSUI के मनोरंजन कुमार महज 606 वोट से हारे हैं। लोजपा, हम, रालोमो और जदयू के नहीं लड़ने का लाभ अध्यक्ष पद पर ABVP को मिला। उधर, मैथिली की जीत के बाद ABVP कार्यकर्ताओं का जोश हाई है। कैंपस में नारे लगे हैं- ‘सब पर भारी है ये भारत की नारी है।’
