PATNA (MR) : ओबीसी मोर्चा ने पटना के कृष्ण मेमोरियल हॉल में शहीद रामफल मंडल के शहादत दिवस पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में भाग लेते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार के भाजपा कार्यकर्ताओं की तारीफ की। उन्होंने अमर शहीद रामफल मंडल की चर्चा करते हुए कहा कि इन्होंने देश की खातिर अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। हंसते-हंसते फांसी पर झूल गए।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि रामफल मंडल को शहीद का दर्जा मिलेगा। हम धानुक समाज के चरणों में प्रणाम करते हैं। अगर कोई देश के आन, बान और शान पर कोई ऊंगली उठाये तो प्राण देकर भी उसका बदला लेना यह सनातन जानता है। धानुक समाज हमारे बचपन का झूला है। उन्होंने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि रामफल मंडल ने देश के लिए अपनी जान दी। उनसे झूठ बोलने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने नहीं बोला। रामफल मंडल ने कहा था कि देश के लिए मर जाऊंगा, झूठ नहीं बोलूंगा। एक रामफल मंडल मरेगा तो हजार पैदा लेगा।
उन्होंने कहा कि देश मे जागरण का नया अभियान चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश के लिए काम कर रहे हैं। विरोधी दल इन पिछड़े वर्गों की बात नहीं करते हैं। पिछड़े वर्गों का सम्मान क्यों नहीं दिया? इनको सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ने सम्मान दिया। मोदी जी की सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया। नीट जैसी परीक्षा में 27 प्रतिशत का आरक्षण अतिपिछड़ों को मोदी सरकार ने दिया है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार में गरीबों के लिए 13 लाख मकानों का निर्माण होगा। अगले चार साल में काम पूरा होगा। उन्होंने कहा कि बहनें अब लाचार, कमजोर नहीं होंगी, बल्कि लखपति होंगी। महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का वादा जल्द पूरा करेंगे।
भाजपा सदैव पिछड़े वर्गों को सम्मान देती है : जायसवाल
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के भूमि सुधार और राजस्व मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल ने इस सफल कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि भाजपा ओबीसी मोर्चा को द्वारा रामफल मंडल के शहादत दिवस पर ऐसा कार्यक्रम एक प्रकार से उनके प्रति श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव पिछड़े वर्गों को सम्मान देती है। उन्होंने इस दौरान अमर शहीद रामफल मंडल को शहीद का दर्जा देने की घोषणा करते हुए कहा कि उन्हें राजकीय सम्मान भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्व मंत्री होने के नाते मैं जल्द इसकी संचिका मंगाकर यह काम कर दूंगा। उन्होंने कहा कि रामफल मंडल के जीवन की चर्चा करते हुए कहा कि शहीद रामफल मंडल ने कहा था कि भारत की आजादी में मुझे फांसी भी मंजूर है। आप लोग मेरे परिवार को देखते रहिएगा। बाद में यह सच साबित हुआ और अंग्रेजी सरकार ने उन्हें फांसी पर लटका दिया। वो युवा अवस्था में ही हंसते-हंसते फांसी का फंदा चूम लिया था।
रामफल मंडल को मिलेगा शहीद का दर्जा : सम्राट
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि रामफल मंडल के नाम से अंग्रेजों के पसीने छूट जाते थे। उन्होंने रामफल मंडल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्हें शहीद का दर्जा मिलेगा, इसे कोई नहीं रोक सकता। वे देश के लिए शहीद हुए थे इसे कोई नकार नहीं सकता। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हो या बिहार सरकार हो समाज के सभी वर्गों की चिंता करती है। भाजपा ने सबको साथ लाने का प्रयास किया। श्री चौधरी ने जोर देकर कहा कि भाजपा ने पिछड़ों को सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र में अगर सबसे अधिक ओबीसी के लोग मंत्रिमंडल में शामिल हुए तो वह नरेंद्र मोदी की सरकार मे थे। उन्होंने कहा कि रामफल मंडल को शहीद का दर्जा दिलाएंगे। जिस तरह अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण हुआ, उसी तरह रामपाल मंडल की धरती पर मां सीता मंदिर का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर उनको शहीद का दर्जा दिलवाएंगे। उन्हें शहीद का दर्जा और राजकीय सम्मान दिलाया जायेगा।
कांग्रेस की वजह से नहीं मिला शहीद का दर्जा : विजय
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस की चाल के कारण कई शहीदों की शहादत को सम्मान नहीं मिल सका। उसी में रामफल मंडल भी शामिल थे। उन्हें पीएम नरेंद्र मोदी ने सामने लाया है। आजादी के 75 वर्ष में हमारे संस्कृति का ताना—बाना में जाति भेदभाव करता है। देश में बिहार को और बिहारी शब्द को कलंकित किया है। उनके इस मानसिकता से मुक्ति के लिए हम आगे बढ़गे। अपने राजनीतिक फायदा उठाने के लिए जाति भेदभाव करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें वैचारिक आजादी पर विचार करना होगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलराम मंडल ने की। कार्यक्रम में मंत्री मंगल पांडेय, सांसद रविशंकर प्रसाद, मंत्री डॉ प्रेम कुमार, मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मंत्री सुरेन्द्र मेहता, विधायक संजीव चौरसिया, विधान पार्षद जीवन कुमार समेत कई सांसद, विधायक और प्रदेश के पदाधिकारी उपस्थित रहे।